Site icon Dainik Savera Times

India Vs Sri lanka : सात साल में पहली बार श्रीलंका महिला टीम ने भारत को हराया

Sri Lanka women's team

Sri Lanka women's team

कोलंबो : चामरी अट्टापटू और सुगंधिका कुमारी (तीन-तीन विकेट) के अच्छे प्रदर्शन के बाद हर्षिता समाराविक्रमा (53) और नीलाक्षी डिसिल्वा (56) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर श्रीलंका महिला टीम ने रविवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के चौथे एकदिवसीय मुकाबले में भारत को पांच गेंदे शेष रहते तीन विकेट से हरा दिया। सात सालों में श्रीलंका की भारत पर यह पहली एकदिवसीय जीत है। 276 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र 30 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट हसिनी परेरा (22) रनआउट के रूप में गवां दिया।

इसके बाद हर्षिता समाराविक्रमा ने विष्मी गुणारत्ने के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी हुई। 23वें ओवर में अरुंधति रेड्डी ने विष्मी गुणारत्ने (33) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद 27वें ओवर में प्रतिका रावल ने हर्षिता समाराविक्रमा (53) को आउटकर भारत को चौथी सफलता दिलाई। कप्तान चामरी अट्टापटू (23), कविशा दिलहारी (35) और देवमी विहंगा (एक) रन बनाकर आउट हुई।

नीलाक्षी डिसिल्वा ने 33 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए (56) रनों की पारी खेली। आखिरी ओवर में भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी कर मैच को रोमांचक बना दिया था। अनुष्का संजीवनी (23) और सुगंधिका कुमारी (19) रन बनाकर नाबाद रही। श्रीलंका ने 49.1 ओवर में सात विकेट पर 278 रन बनाकर मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया। भारत की ओर से स्नेहा राणा ने तीन विकेट लिये। अरुंधति रेड्डी, श्री चारणी और प्रतिका रावल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता

इससे पहले आज यहां श्रीलंका की महिला टीम ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना की भारतीय सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 51 रन जोड़े। भारत का पहला विकेट 10वें ओवर की पहली गेंद पर स्मृति मंधाना (18) रनआउट के रूप में गिरा। 13वें ओवर में इनोका रनावीरा ने प्रतिका रावल (35) को आउटकर भारत को दूसरा झटका दिया।

इसके बाद हरलीन देओल और कप्तान हरमनप्रीत कौर की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने अभी तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े थे कि देवमी विहंगा ने हरलीन देओल (29) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद सुगंधिका कुमारी ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (30) को आउटकर श्रीलंका को चौथी सफलता दिलाई।

जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 46 गेंदों में 37 रन बनाये। ऋचा घोष ने 48 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए (58) रनों की पारी खेली। दीप्ति शर्मा (24), काश्वी गौतम (17) और स्नेह राणा (10) रन बनाकर आउट हुई। भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 275 रन का स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की ओर से चामरी अट्टापटू और सुगंधिका कुमारी ने तीन-तीन विकेट लिये। देवमी विहंगा और इनोका रनावीरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Exit mobile version