Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

America में विनाशकारी तूफान: 3 लोगों की हुई मौत, कई राज्यों में अलर्ट जारी

April 21, 2025

America में विनाशकारी तूफान: 3 लोगों की हुई मौत, कई राज्यों में अलर्ट जारी

Storm in America: ह्यूस्टन: अमेरिका के ओक्लाहोमा राज्य में आए शक्तिशाली तूफान ने तबाही मचा दी, जिसमें अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। शनिवार रात मचे इस तूफान से सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

-ओक्लाहोमा में आया विनाशकारी तूफान

राजधानी ओक्लाहोमा सिटी से लगभग 16 किलोमीटर दूर मूर शहर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक महिला और उसका 12 वर्षीय बेटा बाढ़ के पानी में बह गए। स्थानीय पुलिस ने जानकारी दी कि उनका वाहन अचानक तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते बह गया। राहत कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए। इससे अलग, ह्यूजेस काउंटी के छोटे से शहर में तेज आंधी और बारिश के बीच एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई।

-काउंटी प्रशासन ने दी जानकारी

काउंटी प्रशासन ने फेसबुक पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि तूफान से कई घरों और व्यवसायिक भवनों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है। इस भीषण मौसम को लेकर राष्ट्रीय मौसम सेवा पहले ही चेतावनी जारी कर चुकी थी। 20 अप्रैल को टेक्सास, ओक्लाहोमा, अर्कांसस, कंसास, इलिनोइस, मिसौरी और लुइसियाना सहित कई राज्यों में बवंडर की आशंका जताई गई थी।

एक्यू वेदर और तूफान पूर्वानुमान केंद्र ने बताया है कि आने वाले दिनों में भी हालात गंभीर बने रह सकते हैं। विशेषकर अर्कांसस, लुइसियाना, टेक्सास और मिसिसिपी घाटी के क्षेत्रों में तेज हवाएं, ओले और बिजली की गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

-मोलिन क्षेत्र में दिखा भयानक बवंडर

रविवार देर रात इलिनोइस के ईस्ट मोलिन क्षेत्र में एक बवंडर देखे जाने की पुष्टि की गई है। यह इलाका क्वाड सिटीज क्षेत्र में आता है, जहां लोगों को घरों के भीतर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने आगामी सोमवार के लिए ग्रेट लेक्स, टेनेसी और खाड़ी तटीय क्षेत्रों में भी बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। कुछ जगहों पर भारी बारिश से अचानक बाढ़ आने की आशंका भी जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी अपडेट्स पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें