Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जापान में तूफान ने मचाया हाहाकार…भारी बारिश से तीन लोगों की मौत, ढाई लाख घरों की बिजली गुल 

August 29, 2024

जापान में तूफान ने मचाया हाहाकार…भारी बारिश से तीन लोगों की मौत, ढाई लाख घरों की बिजली गुल 
तोक्यो: दक्षिणी जापान में बृहस्पतिवार को भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ आए तूफान के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई तथा क्यूशू में बिजली गुल होने से ढाई लाख घर अंधेरे में हैं। तूफान के और विकराल होने के चलते बाढ़, भूस्खलन तथा बड़े स्तर पर नुकसान की आशंका व्यक्त की गई है।
भारी बारिश से नदियां उफान पर आयी और बढ़ा बाढ़ का खतरा 
जापान मौसम विज्ञान ने बताया कि तूफान ‘शानशान’ ने सुबह दक्षिणी क्यूशू के सतसुमासेंदाई के पास दस्तक दी, जहां 24 घंटे में 60 सेमी तक बारिश होने के आसार हैं। इसने बताया कि पिछले 24 घंटे में हुई बारिश अगस्त की औसत बारिश से अधिक है जिससे नदियां उफान पर आ गई हैं और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। एजेंसी ने यह भी बताया कि तूफान के कारण देश के अधिकतर भागों, विशेषकर क्यूशू के दक्षिणी प्रान्तों में तेज हवाएं चलने, ऊंची लहरें उठने और भारी वर्षा की संभावना है। जिन क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की गई, वहां के लोगों से सामुदायिक केंद्रों और अन्य जन सुविधाओं में शरण लेने की अपील की गई है।
मियाजाकी में वर्षाजनित घटनाओं में 12 से अधिक लोग हुए घायल 
मौसम विज्ञान ने बताया कि दोपहर के समय ‘शानशान’ 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा है और इसकी हवा की रफ्तार 144 किलोमीटर प्रति घंटा से कमजोर होकर 126 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई है। मियाजाकी में वर्षाजनित घटनाओं में 12 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, कुमामोटो और कागोशिमा प्रान्तों में भी एक-एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है जो आश्रय स्थलों की ओर जा रहे थे। ‘क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर कंपनी’ ने कहा कि तूफान के असर से पूरे क्यूशू में लगभग ढाई लाख घर अंधेरे में डूबे हुए है इनमें से अधिकतर कागोशिमा क्षेत्र के हैं।
तूफान की दस्तक से ढह हुए मकान 
शहर के आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, तूफान की दस्तक से पहले भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटना हुई, जिसके कारण गामागोरी में एक मकान ढह गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मौसम विभाग और प्रशासनिक अधिकारी बड़े स्तर पर नुकसान को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि तूफान अगले कुछ दिनों में धीरे-धीरे जापानी द्वीपसमूह को अपनी चपेट में ले लेगा। इसके कारण बाढ़ और भूस्खलन का भी खतरा है। तोक्यो क्षेत्र में तूफान का असर फिलहाल देखने को नहीं मिला है और यहां कामकाज सामान्य रूप से जारी है।
तूफान के कारण सैकड़ों घरेलू उड़ानें हुई रद्द 
हालांकि, इस सप्ताह के अंत में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। आपदा प्रबंधन मंत्री योशिफुमी मत्सुमुरा ने कहा कि तूफान के कारण तेज हवाओं के चलने, ऊंची लहरें उठने और भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी शहरों और द्वीपों को जोड़ने वाली सैकड़ों घरेलू उड़ानें बृहस्पतिवार को रद्द कर गईं और बुलेट ट्रेन तथा उप नगरीय रेलसेवाओं को भी रोकना पड़ा। होन्शू के मुख्य द्वीप पर भी रविवार तक इसी तरह के कदम उठाए जा सकते हैं। क्यूशू क्षेत्र में डाक और सामान पहुंचाने वाली सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं और सुपरमार्केट तथा अन्य स्टोर बंद करने की भी तैयारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें