इंटरनेशनल डेस्क : स्टैंडर्ड चार्टर्ड ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिल विंटर्स ने हाल ही में चीनी अर्थव्यवस्था को “स्थिर, पूर्वानुमेय, गतिशील और दूरदर्शी” बताते हुए इसकी मजबूत संभावनाओं पर विश्वास जताया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ हुई हालिया चीन यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच चीन की स्थिरता एक महत्वपूर्ण शक्ति है।
विंटर्स के अनुसार, चीनी अर्थव्यवस्था का लचीलापन दीर्घकालिक विकास का परिणाम है। तकनीकी नवाचार के माध्यम से आपूर्ति श्रृंखला का पुनर्निर्माण, विनिर्माण क्षेत्र का उन्नयन और सरकार की स्थिर नीतियाँ इसकी मुख्य विशेषताएँ हैं। उनके विचार में वैश्विक आर्थिक उथल-पुथल के दौरान चीन ने पूरी तैयारी की है।
स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने हाल ही में वर्ष 2026 के लिए चीन की आर्थिक वृद्धि दर के पूर्वानुमान को 0.3% बढ़ाकर 5.2% कर दिया है। विंटर्स का मानना है कि उपभोग को बढ़ावा देने, प्रभावी निवेश का विस्तार, निर्यात में लाभ और तकनीकी प्रगति जैसे कारकों से 2026 में भी चीन की अर्थव्यवस्था मजबूत गति से आगे बढ़ेगी।
चीन में व्यापार के संदर्भ में विंटर्स ने कहा कि स्टैंडर्ड चार्टर्ड चीन को अपने सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक मानता है। बैंक ने चीन के सुधार और खुलेपन की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई है और स्थानीय वित्तीय संस्थानों, विनिर्माण कंपनियों तथा उच्च-तकनीक उद्यमों के साथ मजबूत साझेदारी विकसित की है। क्रॉस-बॉर्डर सेवाएँ, विशेष रूप से चीनी कंपनियों के वैश्विक विस्तार में सहायता, बैंक के विकास का प्रमुख इंजन बनी हुई हैं।
हाल ही में, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक (चीन) ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), हरित प्रौद्योगिकी, जैव-चिकित्सा और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में अग्रणी नवाचारी उद्यमों की सेवा के लिए अपने “मध्यम उद्यम व्यवसाय” को “अंतर्राष्ट्रीय एवं नवाचार उद्यम बैंकिंग” में उन्नत किया है। विंटर्स ने जोर देकर कहा कि चीनी तकनीकी कंपनियाँ तेजी से वैश्विक हो रही हैं और बैंक उन्हें व्यापक वित्तीय समाधान प्रदान करने में सक्षम है।
चीन के वित्तीय बाजारों के खुलेपन और आपसी कनेक्टिविटी तंत्र के विस्तार का उल्लेख करते हुए विंटर्स ने कहा कि इसने स्टैंडर्ड चार्टर्ड के लिए नए अवसर खोले हैं। बैंक ने हाल के वर्षों में बॉन्ड फ्यूचर्स ट्रेडिंग, क्रॉस-बॉर्डर वेल्थ मैनेजमेंट कनेक्ट (ग्रेटर बे एरिया) और “स्वैप कनेक्ट” जैसी सेवाएँ शुरू की हैं। मार्च 2024 में, स्टैंडर्ड चार्टर्ड सिक्योरिटीज चीन में पूर्ण विदेशी पूंजी वाली पहली नवस्थापित ब्रोकरेज फर्म के रूप में कार्यशील हुई।
विंटर्स ने भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि स्टैंडर्ड चार्टर्ड सहित अधिक ब्रिटिश कंपनियाँ चीन के अवसरों का लाभ उठाएँगी और द्विपक्षीय व्यापार सम्बंधों को और मजबूत करेंगी।”
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)