Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sudan Army सात दिन के युद्धविराम पर हुई सहमत, लेकिन Khartoum में लड़ाई जारी

May 4, 2023

Sudan Army सात दिन के युद्धविराम पर हुई सहमत, लेकिन Khartoum में लड़ाई जारी

खातरूमः खातरूम में जारी लड़ाई के बीच सूडानी सशस्त्र बल (एसएएफ) ने सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के बीच हिंसक सशस्त्र संघर्ष को रोकने के लिए एक सप्ताह के युद्ध विराम पर सहमति की घोषण की है। एक समाचार एजेंसी के अनुसार, एसएएफ ने बयान में कहा गया है, देश के मौजूदा संकट से निपटने के लिए अपनी पहल के रूप में इस मुद्दे पर अंतर-सरकारी प्राधिकरण (आईजीएडी) ने एक नए प्रस्ताव की पेशकश की जिसमें एक सप्ताह के लिए वर्तमान युद्धविराम का विस्तार करना और युद्धविराम पर चर्चा करने के लिए प्रत्येक पक्ष से एक प्रतिनिधि का नाम देना शामिल है।

उसने बयान में कहा, कि एसएएफ ने अमेरिकी-सऊदी पहल को ध्यान में रखते हुए महाद्वीप के मुद्दों के अफ्रीकी समाधान के सिद्धांत के आधार पर और हमारे नागरिकों के मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर स्वीकृति व्यक्त की। सेना ने जोर देकर कहा कि उसे उम्मीद है कि दूसरा पक्ष भी प्रस्तावित युद्धविराम का पालन करेगा। हालांकि, आईजीएडी की पहल पर आरएसएफ ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इससे पहले बुधवार को मध्य खातरूम में लड़ाई जारी रही।

सूडानी पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरएसएफ ने मध्य खातरूम में उसके एक गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया जिसमें उसके पांच कर्मियों की मौत हो गई। आरएसएफ ने दावा किया कि उसने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की वर्दी पहने एक अधिकारी के हमले का जवाब दिया जिसने केंद्रीय खातरूम में चौकियों पर हमला करने का प्रयास किया था। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के अंडर-सेक्रेटरी-जेनरल मार्टिन ग्रिफिथ्स सूडान पहुंचे। ग्रिफिथ्स ने बुधवार को ट्वीट किया, सूडानी लोगों के प्रति संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबद्धता की पुष्टि करने के लिए अभी-अभी पोर्ट सूडान आया हूं।

उन्होंने मानवतावादी समुदाय और मदद करने के लिए अपनी पूरी कोशिश कर रहे स्थानीय स्वयंसेवकों के अटूट समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया। देश में सशस्त्र संघर्ष को समाप्त करने के स्थानीय प्रयासों के बारे में सूडान में राजनीतिक प्रक्रिया के प्रवक्ता खालिद ओमर यूसुफ ने बुधवार को एक बयान में युद्धविराम सुनिश्चित करने के किसी भी प्रयास का स्वागत किया। खातरूम और अन्य क्षेत्रों में एसएएफ और आरएसएफ के बीच लड़ाई 15 अप्रैल को शुरू हुई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संघर्ष शुरू करने का आरोप लगाया है।

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, हजारों सूडानी नागरिक विस्थापित हो गए हैं और मिस्र, इथियोपिया और चाड सहित सूडान और पड़ोसी देशों में सुरक्षित क्षेत्रों में मजबूरन शरण लिए हुए हैं। सूडानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक घातक संघर्षों में 550 से अधिक लोग मारे गए हैं और 4,926 अन्य घायल हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें