Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

समर दावोस 2025 : चीन में नए दौर में उद्यमिता का महाकुंभ

June 25, 2025

समर दावोस 2025 : चीन में नए दौर में उद्यमिता का महाकुंभ

हर साल की तरह, इस बार भी वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम की 16वीं ‘एनुअल मीटिंग ऑफ़ द न्यू चैंपियंस 2025’, जिसे आम तौर पर समर दावोस फ़ोरम के नाम से जाना जाता है, चीन के उत्तरी शहर थ्येनचिन में 24 से 26 जून तक होने जा रही है। इस बार इसका मुख्य विषय है “नए दौर में उद्यमिता”।

आयोजकों ने चीन की राजधानी बीजिंग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस साल के समर दावोस में 90 से ज़्यादा देशों और क्षेत्रों से 1,700 से ज़्यादा लोग शामिल होने वाले हैं। इन सब का मक़सद ये पता लगाना है कि कैसे उद्यमिता और नए-नए आइडिया दुनिया की तरक़्क़ी को फिर से रफ़्तार दे सकते हैं। इस इवेंट में वैश्विक चुनौतियों पर ख़ास बातचीत पर ज़ोर दिया जाएगा। इस साल के फ़ोरम में पाँच मुख्य बातों पर फ़ोकस किया जाएगा: दुनिया की अर्थव्यवस्था को समझना, चीन के भविष्य पर एक नज़र, ऐसे उद्योग जहाँ बड़े बदलाव हो रहे हैं, लोगों और धरती में निवेश, और नई ऊर्जा व सामग्री।

चीन के राष्ट्रीय विकास और सुधार आयोग के अधिकारी छन शुआई ने कहा कि इस समर दावोस के ज़रिए चीन एक बार फिर दुनिया को दिखाएगा कि वह उच्च-स्तरीय खुलेपन के लिए प्रतिबद्ध है और अपनी तरक़्क़ी से मिलने वाले मौक़ों को दुनिया के साथ बाँटना चाहता है।वहीं, थ्येनचिन के उप-महापौर ली वेनहाई ने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि वे शहर की टेक्नोलॉजी और उभरते उद्योगों में हुई तरक़्क़ी को देखें। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि समर दावोस गहरी और अर्थपूर्ण बातचीत का एक बड़ा केंद्र है। ली ने कहा, “16वीं एनुअल मीटिंग ऑफ़ द न्यू चैंपियंस 2025 से हमें क़ीमती जानकारी और नई तरक़्क़ी की रफ़्तार मिलेगी, और यह दुनिया की अर्थव्यवस्था को स्थिर विकास हासिल करने में मदद करेगा।”

वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम की मैनेजिंग डायरेक्टर गिम हुआय नियो ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि एशिया, जो दुनिया के सबसे गतिशील क्षेत्रों में से एक है, वैश्विक आर्थिक विकास का 60 प्रतिशत हिस्सा चलाता है, और इसमें से आधा योगदान सिर्फ़ चीन का है। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल का समर दावोस फ़ोरम मेहमानों को चीन और एशिया में विकास के रुझानों को और अच्छे से समझने का मौक़ा देगा। यह भी बताया गया है कि उद्घाटन सत्र सहित 40 से ज़्यादा सत्रों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। साथ ही, 2025 एनर्जी ट्रांज़िशन इंडेक्स और टॉप 10 इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज़ जैसी कुछ ख़ास रिपोर्टें भी जारी की जाएंगी।

मीटिंग की ऑफ़िशियल वेबसाइट के मुताबिक़, यह बैठक ठोस बातचीत के ज़रिए साझा ज़रूरतों पर तेज़ी से काम करने और मेहमानों को यह जानने का मौक़ा देने का लक्ष्य रखती है कि कैसे उद्यमिता और नई उभरती टेक्नोलॉजी ज़्यादा गतिशील और मज़बूत अर्थव्यवस्थाएँ बना सकती हैं। इसके अलावा, यह उभरते बाज़ारों और वैश्विक आर्थिक विकास में उनकी भूमिका के बारे में भी ज़रूरी जानकारी देगी। वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम का नाम स्विस आल्प्स के दावोस शहर से जुड़ा है, जहाँ हर साल जनवरी में इसकी वार्षिक बैठक होती है। लेकिन फ़ोरम चीन में भी हर जून में एक और इवेंट आयोजित करता है, जिसे “समर दावोस” के नाम से जाना जाता है।

‘एनुअल मीटिंग ऑफ़ द न्यू चैंपियंस’ वैश्विक नेताओं, इनोवेटर्स और बदलाव लाने वालों को एक साथ लाती है ताकि वे गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर सकें और टिकाऊ और समावेशी विकास के लिए नए रास्ते तलाश सकें। 2007 में शुरू होने के बाद से, समर दावोस चीन में एक सचमुच का वैश्विक इवेंट बन गया है, जो ‘न्यू चैंपियंस’ की अगली पीढ़ी यानी तेज़ी से बढ़ती हुई कंपनियों को एक साथ लाता है जो बिज़नेस और समाज के भविष्य को आकार दे रही हैं।

(अखिल पाराशर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें