Site icon Dainik Savera Times

22वाँ चीन-आसियान एक्सपो संपन्न: व्यापार और निवेश में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ

21 सितंबर को 22वें चीन-आसियान एक्सपो और चीन-आसियान व्यापार व निवेश शिखर सम्मेलन का सफल समापन हुआ। समापन संवाददाता सम्मेलन में प्राप्त आँकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के आयोजन ने व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के क्षेत्रों में 700 से अधिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। इनमें 500 से अधिक आर्थिक और व्यापारिक परियोजनाओं पर हस्ताक्षर किए गए, जबकि विभिन्न क्षेत्रों में 270 से अधिक महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए।

चीन-आसियान एक्सपो सचिवालय के महासचिव वेइ चाओह्वेइ ने बताया कि इस वर्ष का एक्सपो 160,000 वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्र में फैला था, जिसमें 60 देशों की 3,260 कंपनियों ने भाग लिया। इस वर्ष के एक्सपो की सबसे बड़ी ख़ासियत उच्च-तकनीकी प्रदर्शनों में उल्लेखनीय वृद्धि थी, जहाँ कुल प्रदर्शनों में से 50% से अधिक एआई या एआई-सक्षम उत्पादों का बोलबाला था। पहली बार स्थापित किए गए एआई पवेलियन में लगभग 1,200 प्रदर्शनियाँ थीं, जिनमें 20 बड़े मॉडल, 60 बुद्धिमान रोबोट और 230 डिजिटल सेवा प्लेटफॉर्म शामिल थे।

वेइ चाओह्वेइ ने यह भी बताया कि इस एक्सपो के दौरान कुल 155 निवेश परियोजनाओं पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें 94 औद्योगिक परियोजनाएँ और 44 “एआई+” परियोजनाएँ शामिल थीं। इन परियोजनाओं ने एआई के आधारभूत, तकनीकी और अनुप्रयोग-स्तर को कवर किया, जिसमें विनिर्माण, सेवा उद्योग, कृषि, संस्कृति और पर्यटन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, इस आयोजन में 17 अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक और व्यापारिक परियोजनाएँ भी शामिल थीं। विनिर्माण क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने पर विशेष ज़ोर दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप 74 प्रसंस्करण और विनिर्माण परियोजनाओं पर हस्ताक्षर हुए, जो कुल निवेश का 88% है। इन परियोजनाओं में मशीनरी, पेट्रोकेमिकल, नवीन सामग्री और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। यह भी घोषणा की गई कि 23वाँ चीन-आसियान एक्सपो 17 से 21 सितंबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

Exit mobile version