Site icon Dainik Savera Times

Jet Crash: लैंडिंग के दौरान विमान में लगी भीषण आग, जिंदा जले 6 लोग

business jet crash

business jet crash

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य में गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां स्टेट्सविल रीजनल एयरपोर्ट पर एक बिजनेस जेट लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।

यह हादसा चार्लोट शहर से करीब 45 मील उत्तर में स्थित स्टेट्सविल रीजनल एयरपोर्ट पर हुआ। यह हवाई अड्डा आमतौर पर NASCAR टीमों और बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना सी550 मॉडल का था, जिसमें कुल छह लोग सवार थे।

ये भी पढ़ें: Today’s Weather 19 Dec 2025: उत्तर भारत पर ठंड ने कसा शिकंजा, मैदानों में घना कोहरा, शीतलहर, पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की है कि हादसे में विमान में मौजूद सभी लोगों की जान चली गई। फ्लाइट रिकॉर्ड से जानकारी मिली है कि यह विमान रिटायर्ड NASCAR ड्राइवर ग्रेग बिफल की कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड था। विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इरेडेल काउंटी के शेरिफ डैरेन कैंपबेल ने कहा कि इस हादसे में लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रैश के समय मौसम पूरी तरह साफ नहीं था। हल्की बारिश हो रही थी और आसमान में बादल छाए हुए थे, जिससे दृश्यता कम हो सकती थी।

हादसे के समय एयरपोर्ट के पास स्थित लेकवुड गोल्फ क्लब में कई लोग गोल्फ खेल रहे थे। उन्होंने विमान को बहुत नीचे उड़ते हुए देखा। अचानक हुए हादसे से घबराकर कई खिलाड़ी डर के मारे जमीन पर लेट गए। विमान का मलबा गोल्फ कोर्स के नौवें होल के आसपास फैल गया।

FlightAware वेबसाइट के अनुसार, विमान ने सुबह 10 बजे के कुछ देर बाद उड़ान भरी थी, लेकिन तकनीकी या अन्य कारणों से जल्द ही वापस लौट आया। वह स्टेट्सविल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी दुर्घटना हो गई। उड़ान योजना के अनुसार, विमान को बाद में फ्लोरिडा के सारासोटा, फिर बहामास के ट्रेजर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फोर्ट लॉडरडेल होते हुए शाम तक वापस स्टेट्सविल लौटना था।

फिलहाल नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) इस हादसे की जांच कर रहे हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुई।

ये भी पढ़ें: Today’s Gold Price: नहीं थम रही सोने-चांदी की कीमतें, एक बार फिर बढ़े दोनों कीमती धातुओं के रेट

Exit mobile version