Site icon Dainik Savera Times

भारत को समझने का सबसे अच्छा तरीका बस या ट्रेन से यात्रा करना : Australia PM

कैनबरा : ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिर से मेजबानी करने की उम्मीद जताई और भारत के बढ़ते आर्थिक महत्व को हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए एक ‘असाधारण अवसर’ करार दिया। अल्बनीज ने कैनबरा में संसद को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाला देश भारत इस दशक में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। उन्होंने कहा, यह हमारे क्षेत्र के लिए एक असाधारण अवसर है।

हम प्रशांत महासागर का हिस्सा होने के साथ-साथ हिंद महासागर का भी हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2022 में हस्ताक्षरित आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते ने दोनों देशों (भारत और ऑस्ट्रेलिया) के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत किया है और संस्कृति, शिक्षा व क्रिकेट के माध्यम से दोनों देश करीब आए हैं। अल्बनीज ने याद किया कि उन्होंने पहली बार 1991 में एक ‘बैकपैकर’ (घुमक्कड़) के रूप में भारत की यात्रा की थी और तब से प्रधानमंत्री के रूप में 2 बार भारत का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत को समझने का सबसे अच्छा तरीका बस या ट्रेन से यात्रा करना है।

प्रधानमंत्री ने कहा, भारत की गर्मजोशी को प्रत्यक्ष रूप से देखना एक अद्भुत अनुभव है। अब, इसी तरह, मुझे जल्द ही प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी करने का सौभाग्य प्राप्त होगा, एक ऐसा सौभाग्य जिसे मैं दूसरी बार दोहराने के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा असाधारण होगी क्योंकि 10 लाख से अधिक भारतीय मूल के लोगों का समुदाय इसकी मेजबानी करेगा। ऑस्ट्रेलिया में सबसे तेजी से बढ़ता आप्रवासी समुदाय भारत से है। मोदी ने आखिरी बार मई 2023 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था।

Exit mobile version