Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीनी प्रतिनिधि ने अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवादी ताक़तों के खात्मे का किया आग्रह

December 11, 2025

चीनी प्रतिनिधि ने अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवादी ताक़तों के खात्मे का किया आग्रह

संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधि फ़ू त्सोंग ने 10 दिसंबर को अफ़ग़ानिस्तान पर आयोजित सुरक्षा परिषद की खुली बैठक में संबोधित करते हुए कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में जड़ें जमा चुकी आतंकवादी ताक़तों का पूर्ण उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मज़बूत अपेक्षा है। फ़ू त्सोंग ने अपने भाषण में कहा कि आतंकवाद एक “घातक ट्यूमर” है, जो अफ़ग़ानिस्तान की स्थिरता और विकास के लिए गंभीर ख़तरा बना हुआ है। उन्होंने अफ़ग़ान सरकार से आग्रह किया कि वह आतंकवाद के मुद्दे को सही ढंग से समझे, अपनी आतंकवाद-विरोधी प्रतिबद्धताओं का ईमानदारी से पालन करे और देश में मौजूद सभी आतंकवादी तत्त्वों के ख़ात्मे के लिए और अधिक दृढ़ एवं प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसा करके अफ़ग़ानिस्तान न केवल क्षेत्रीय देशों बल्कि संपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुदाय का विश्वास और समर्थन प्राप्त कर सकता है।

ये भी पढ़ें: J&K News: शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, सब कुछ जलकर राख

चीन के प्रतिनिधि ने ज़ोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को वैचारिक पूर्वाग्रह और भू-राजनीतिक गणनाओं से ऊपर उठकर आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होना चाहिए। उन्होंने दोहरे मापदंडों और चयनात्मक नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि ऐसी प्रवृत्तियाँ अफ़ग़ानिस्तान में लंबे समय तक स्थायी शांति की राह में बाधा बनती हैं। फ़ू त्सोंग ने आगे कहा कि दुनिया को अफ़ग़ानिस्तान की स्थिति में ठोस सुधार लाने के लिए वहाँ की सरकार के साथ संपर्क और संवाद को और अधिक मज़बूत करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने सुरक्षा परिषद से आग्रह किया कि वह परिस्थितियों को देखते हुए अफ़ग़ानिस्तान पर लगाए गए प्रतिबंध तंत्र की समयानुकूल समीक्षा करे। इसके साथ ही, संवाद को सुगम बनाने हेतु व्यापक यात्रा-प्रतिबंध छूट व्यवस्था को शीघ्र पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अफ़ग़ान जनता की कठिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तत्काल मानवीय सहायता प्रदान करनी चाहिए, ताकि देश को गहरे संकट से बाहर निकालकर स्वतंत्र और टिकाऊ विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। फ़ू त्सोंग ने संबंधित देशों से अपील की कि वे अफ़ग़ानिस्तान के केंद्रीय बैंक की विदेशी संपत्तियों को तुरंत और बिना किसी शर्त के मुक्त करें, अवैध एकतरफ़ा प्रतिबंध हटाएँ और अफ़ग़ानिस्तान के आर्थिक पुनर्निर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाएँ।

ये भी पढ़ें: UGC के नए नियम हिंदू समाज का बाटेंगे, तुरंत वापस ले सरकार : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें