Site icon Dainik Savera Times

वेनिस फिल्म महोत्सव में चीनी फिल्मों की बढ़ती उपस्थिति ने खींचा ध्यान

82वाँ वेनिस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 27 अगस्त से 6 सितंबर, 2025 तक इटली के वेनिस में आयोजित हुआ। इस दौरान फिल्म जगत के कई विशेषज्ञों ने चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ से बातचीत में कहा कि दुनिया भर के दर्शक आज इस अपेक्षा के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि उन्हें समकालीन चीनी संस्कृति और कहानियों को प्रदर्शित करने वाली और अधिक फिल्में देखने को मिलें।

इस वर्ष के महोत्सव में विभिन्न वर्गों में प्रदर्शित चीनी फिल्मों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रही। शिन्हुआ से विशेष बातचीत में महोत्सव के अध्यक्ष अल्बर्टो बारबेरा ने कहा कि चीनी फिल्में हमेशा से अंतर्राष्ट्रीय फिल्म जगत की एक अहम शक्ति रही हैं। उन्होंने कहा कि वेनिस फिल्म महोत्सव नई पीढ़ी के चीनी निर्देशकों और उनकी रचनात्मक कृतियों का हार्दिक स्वागत करता है।

इसी कड़ी में, इतालवी फिल्म कंपनी “सिटा डि सिनेमा” के अंतर्राष्ट्रीय विभाग के प्रमुख रॉबर्टो स्टेबिले ने कहा, “वेनिस फिल्म महोत्सव में चीनी फिल्मों का प्रदर्शित होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारे बीच सहयोग का एक लंबा और सकारात्मक इतिहास रहा है। वेनिस ने अक्सर चीनी फिल्मों से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया है और हम आशा करते हैं कि यह मंच चीनी फिल्मों का स्थायी घर बने।”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि हाल के वर्षों में चीनी फिल्मों ने अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों को तेज़ी से प्रभावित किया है, क्योंकि वे वास्तविक समकालीन चीन का जीवंत चित्रण करती हैं। उनके अनुसार, “चीन को समझने के लिए हमें केवल उसका अतीत ही नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य भी जानना होगा।”

इटालो स्पिनेली, जो इस वर्ष के महोत्सव में भाग लेने वाले निर्देशक और इतालवी एशियन फिल्म महोत्सव के अध्यक्ष हैं, ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नई तकनीकों और विविध मंचों के माध्यम से फिल्मों का आनंद ले रही है और चीन इस फिल्म क्रांति का एक अहम भागीदार है। उन्होंने आगे कहा कि नई पीढ़ी के चीनी निर्देशक लगातार अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं और उनकी कृतियाँ दुनिया भर के दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

ये भी पढ़ें- दिल्ली के नांगलोई में बेकाबू DTC बस का कहर: 2 की मौत, गुस्साई भीड़ ने बसों में की तोड़फोड़ और आगजनी

Exit mobile version