Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

इमरान खान की जेल में मौत की खबर से मची सनसनी, पाकिस्तानी पत्रकार के दावे ने बढ़ाई चिंता

August 12, 2026

इमरान खान की जेल में मौत की खबर से मची सनसनी, पाकिस्तानी पत्रकार के दावे ने बढ़ाई चिंता

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की जेल में मौत होने की अफवाह ने पाकिस्तान की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। यह दावा पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान ने किया है। हालांकि, इमरान खान की मौत की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पत्रकार ने क्या दावा किया?

वजाहत सईद खान ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया कि उन्हें पाकिस्तान के सैन्य मुख्यालय (GHQ) से जुड़े तीन वरिष्ठ सैन्य सूत्रों से ऐसी जानकारी मिली है, जिससे उन्हें आशंका है कि इमरान खान अब जीवित नहीं हैं। हालांकि, पत्रकार ने यह भी स्पष्ट किया कि इन सूत्रों ने खुद इमरान खान को मृत नहीं देखा है। यानी यह दावा प्रत्यक्ष जानकारी या आधिकारिक पुष्टि पर आधारित नहीं है। इसलिए फिलहाल इसे अपुष्ट दावा ही माना जा रहा है।

परिवार और PTI को मुलाकात को लेकर चिंता

इमरान खान की स्थिति को लेकर चिंता का एक बड़ा कारण यह भी है कि जेल में उनसे परिवार, पार्टी नेताओं, वकीलों और डॉक्टरों की मुलाकात को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। PTI लगातार आरोप लगाती रही है कि इमरान खान को जेल में अलग-थलग रखा जा रहा है और उन्हें पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही।

इससे पहले भी पार्टी ने उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए निजी डॉक्टरों को अनुमति देने और परिवार के सदस्यों को नियमित रूप से मिलने देने की मांग की थी। इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। फरवरी 2026 में अदालत में उनके दाहिने आंख की दृष्टि में गंभीर कमी की जानकारी सामने आई थी।

 

अफवाह के बीच PTI ने दिखाई ताकत

इमरान खान की स्थिति को लेकर बढ़ती चिंता अब राजनीतिक तनाव में भी बदलती दिखाई दे रही है। PTI नेताओं ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पार्टी के नेता और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने दावा किया है कि PTI के लाखों समर्थक सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। पार्टी ने इस मामले को लेकर इस्लामाबाद तक लॉन्ग मार्च की बात भी कही है।

अगस्त 2023 से जेल में इमरान खान

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और विभिन्न मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद से पाकिस्तान की राजनीति में उनका टकराव सरकार और सैन्य प्रतिष्ठान के साथ बड़ा मुद्दा बना हुआ है। ऐसे में उनकी मौत को लेकर सामने आए नए दावे ने राजनीतिक माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है। हालांकि, फिलहाल यह कहना सही नहीं होगा कि इमरान खान की मौत हो चुकी है, क्योंकि सामने आया दावा अपुष्ट है और इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें