Site icon Dainik Savera Times

चीन में पांडा, हिम तेंदुआ आदि वन्य जीवों की संख्या लगातार बढ़ रही है

3 मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर चीनी राष्ट्रीय वानिकी और चरागाह प्रशासन ने जानकारी दी कि देश में कई प्रमुख वन्यजीव प्रजातियों की संख्या हाल के वर्षों में लगातार बढ़ रही है। वर्ष 1980 में जहां जंगली पांडा की कुल संख्या लगभग 1,100 थी, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 1,900 हो गई है। इसी तरह, हिम तेंदुओं की संख्या भी 1,200 से अधिक हो चुकी है। प्रशासन के एक अधिकारी के मुताबिक, चीन ने हाल के वर्षों में वन्यजीव संरक्षण की अपनी नीतियों और कानूनों को मजबूत किया है, वित्तीय निवेश में वृद्धि की है और संरक्षण के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है।

इसका असर यह हुआ है कि प्रमुख प्रजातियों की आबादी में वृद्धि हुई है और उनके प्राकृतिक आवास व प्रजनन की स्थिति में सुधार आया है। नवीनतम निगरानी रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वोत्तर बाघों की संख्या 2017 में 27 थी, जो अब बढ़कर लगभग 70 हो गई है, जबकि पूर्वोत्तर तेंदुओं की संख्या 42 से बढ़कर लगभग 80 हो गई है। हाईनान गिब्बन की आबादी 40 साल पहले 10 से भी कम थी, जो अब 42 हो गई है। इसी तरह, एशियाई हाथियों की संख्या 150 से बढ़कर 300 से अधिक हो गई है, और तिब्बती मृगों की संख्या तीन लाख से ज्यादा हो चुकी है।
(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें :- Pana Sankranti 2026: कल मनाया जाएगा ओड़िया नव वर्ष, जानें पूजा विधि और धार्मिक महत्व

Exit mobile version