Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका White House में दूसरी बार बजा भारतीय गीत ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ गीत की धुन : Ajay Jain Bhutoria

May 14, 2024

अमेरिका White House में दूसरी बार बजा भारतीय गीत ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ गीत की धुन : Ajay Jain Bhutoria

वाशिंगटन :- व्हाइट हाउस के मरीन बैंड ने सोमवार को कई एशियाई अमेरिकियों के समक्ष ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ गीत की धुन बजायी। एशियाई अमेरिकी व्हाइट हाउस में ‘एशियन अमेरिकन, नेटिव हवाई एंड पेसिफिक आइलेंडर’ (एएएनएचपीआई) ‘विरासत माह’ का जश्न मनाने के लिए एक स्वागत समारोह में राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ इकट्ठा हुए थे। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान मोहम्मद इकबाल द्वारा लिखे गए देशभक्ति गीत की धुन को भारतीय अमेरिकियों के अनुरोध पर मरीन बैंड ने दो बार बजाया।

राष्ट्रपति की ओर से इस वार्षिक कार्यक्रम के लिए भारतीय अमेरिकियों को आमंत्रित किया गया था। भारतीय अमेरिकी समुदाय के नेता अजय जैन भुतोरिया ने समारोह के बाद एक साक्षात्कार में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘व्हाइट हाउस के एएएनएचपीआई विरासत माह के उपलक्ष्य में रोज गार्डन में आयोजित किया गया समारोह एकदम अद्भुत था। सबसे अच्छी बात यह रही कि जैसे ही मैं व्हाइट हाउस में गया संगीतकारों ने ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ गीत की धुन बजाकर मेरा स्वागत किया।

एक साल से भी कम समय में यह दूसरी बार है जब व्हाइट हाउस में भारत का लोकप्रिय देशभक्ति गीत बजाया गया। आखिरी बार पिछले साल जून में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के दौरान ऐसा किया गया था। मरीन बैंड ने बताया कि उसने राजकीय दौरे से पहले इसका अभ्यास किया था। कैलिफोर्निया में रह रहे भुतोरिया ने कहा, ‘‘मुझे बेहद अच्छा लगा। व्हाइट हाउस में मेरे लिए यह गर्व का पल था… मैंने उनके साथ गाना शुरू किया और फिर मैंने उनसे इसे एक बार फिर से बजाने का अनुरोध किया।

उन्होंने मेरा अनुरोध मान लिया और बताया कि वे इसे दूसरी बार बजा रहे हैं। जब प्रधानमंत्री मोदी आए थे तो उन्होंने इसे बजाया था और उसके बाद आज फिर वे इसे बजा रहे हैं। यह बेहद मनोरम दृश्य है कि आज व्हाइट हाउस में ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ गीत सुनने को मिला। इस समारोह के दौरान अमेरिकी सर्जन जनरल डॉ. विवेक मूर्ति ने ड्रम बजाकर वहां मौजूद सैकड़ों लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें