लुसाका: दक्षिणी अफ्रीकी देश जाम्बिया में संक्रामक बीमारी एमपॉक्स (मंकीपॉक्स) से दूसरी मौत की पुष्टि हुई है। यह जानकारी देश के स्वास्थ्य मंत्री एलिजा मुचिमा ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
-13 नए मामले आए सामने
उन्होंने बताया कि हालिया मौत मुचिंगा प्रांत के मपिका जिले में हुई है, जिसमें एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। इस तरह देश में अब तक एमपॉक्स से दो लोगों की जान जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, 2 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच 13 नए मामले सामने आए हैं, जिससे देश में कुल संक्रमितों की संख्या 49 हो गई है। अब तक 32 मरीज पूरी तरह ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 15 लोग अभी भी होम आइसोलेशन में हैं।
-6 प्रांतों में फैला संक्रमण
एमपॉक्स के ये मामले देश के 10 में से 6 प्रांतों में फैल चुके हैं। सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय, सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर संक्रमण की रोकथाम और निगरानी के लिए सतर्कता से कार्य कर रहे हैं। इस बीच, देश में हैजा के मामलों में भी वृद्धि देखी जा रही है। अब तक कुल 490 हैजा संक्रमित सामने आ चुके हैं, जिनमें से 480 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लोगों की मौत हो गई है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध लक्षण के दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
-बरतें ये सावधानियां
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, एमपॉक्स एक संक्रामक रोग है जो संक्रमित व्यक्ति के करीबी संपर्क, त्वचा से त्वचा, मुंह से मुंह या मुंह से त्वचा के संपर्क के माध्यम से फैलता है। इसके लक्षणों में दाने, बुखार, लिम्फ नोड्स की सूजन, सिरदर्द, मांसपेशियों और पीठ में दर्द, और थकान शामिल हैं। आमतौर पर लक्षण 2 से 4 सप्ताह तक रहते हैं, लेकिन कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों में ये अधिक गंभीर हो सकते हैं।

