Site icon Dainik Savera Times

थ्येनवन-2 ने क्षुद्रग्रह 2016 HO3 के पास पहुंचकर शुरू किया वैज्ञानिक अध्ययन

Tianwen-2

Tianwen-2

China News: चीन के राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन ने सोमवार को बताया कि थ्येनवन-2 अंतरिक्ष यान ने करीब 400 दिनों में लगभग 1 अरब किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद हाल ही में क्षुद्रग्रह 2016 HO3 के निकट सफलतापूर्वक पहुंच गया। यान अब क्षुद्रग्रह से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर पहुंच चुका है और उसने वैज्ञानिक अध्ययन शुरू कर दिया है।

प्रशासन के अनुसार, क्षुद्रग्रह के करीब पहुंचने के दौरान यान ने उसकी तस्वीरें लीं। मिशन टीम ने ऑप्टिकल नेविगेशन डेटा का इस्तेमाल कर क्षुद्रग्रह की कक्षा की गणना को और सटीक बनाया। इससे पहले जमीन से किए गए अवलोकनों के आधार पर जो स्थिति संबंधी त्रुटि सैकड़ों किलोमीटर तक थी, उसे घटाकर अब कुछ किलोमीटर तक सीमित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि थ्येनवन-2 को 29 मई, 2025 को शीछांग उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया था। 6 जून, 2026 को उसने पहली बार क्षुद्रग्रह का पता लगाया। इसके अगले दिन यानी 7 जून को लगभग 30 हज़ार किलोमीटर की दूरी पर उसने कैप्चर नियंत्रण पूरा किया और क्षुद्रग्रह के साथ समान कक्षा में उड़ान भरनी शुरू कर दी। इसके बाद 19 जून को यान क्षुद्रग्रह से लगभग 2 हज़ार किलोमीटर की दूरी तक पहुंच गया।

आने वाले समय में थ्येनवन-2 और अधिक विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन करेगा। इसके तहत क्षुद्रग्रह की आकृति, संरचना और आंतरिक बनावट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि भविष्य में उससे नमूने एकत्र करने की तैयारी को और बेहतर बनाया जा सके।

बता दें कि क्षुद्रग्रह 2016 HO3 की कक्षा संबंधी जानकारी ‘चंद्र एवं ग्रहीय डेटा प्रकाशन प्रणाली’ (https://clpds.bao.ac.cn/) पर जारी कर दी गई है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version