Site icon Dainik Savera Times

अफगानिस्तान में फिर आया भूकंप… मचा हड़कंप, जानें कितनी रही तीव्रता

Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, यह झटके भारतीय समयानुसार सुबह 6:09 बजे दर्ज किए गए। बता दें कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.7 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से करीब 80 किलोमीटर गहराई में था। झटके राजधानी काबुल और आसपास के इलाकों में महसूस किए गए, हालांकि अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

लगातार भूकंपों से डरा अफगानिस्तान

अफगानिस्तान में हाल के महीनों में बार-बार धरती कांप रही है। इससे पहले 21 अक्टूबर को सुबह 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। 17 अक्टूबर को 5.5 तीव्रता का झटका आया था, जबकि इसी साल 1 सितंबर को 6.0 तीव्रता वाला भूकंप दर्ज किया गया था जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी। पिछले कुछ वर्षों में अफगानिस्तान में कई बड़े भूकंप आए हैं। 2015 में 7.5 तीव्रता वाला घातक भूकंप आया था, जबकि 2023 में 6.3 तीव्रता के भूकंप ने करीब 1,500 लोगों की जान ले ली थी।

ये भी पढ़े : तीन दिन में ‘थामा’ ने तोड़े कई फिल्मों के रिकॉर्ड, ‘एक दीवाने की दीवानियत’ का जलवा भी बरकरार

क्यों आते हैं अफगानिस्तान में इतने भूकंप?

अफगानिस्तान हिंदू कुश पर्वतीय क्षेत्र में स्थित है, जो टेक्टोनिक प्लेट्स का सक्रिय जोन माना जाता है। यहां इंडियन प्लेट और यूरोएशियन प्लेट आपस में टकराती हैं, जिससे बार-बार भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं। भूवैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र के 300 किलोमीटर के दायरे में 10 से अधिक भूकंप ऐसे आए हैं जिनकी तीव्रता 6.0 से ऊपर रही है।

भूकंप कैसे आता है?

धरती के भीतर सात प्रमुख टेक्टोनिक प्लेट्स होती हैं। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती या खिसकती हैं, तो घर्षण से ऊर्जा निकलती है, जो सतह तक पहुंचकर भूकंप के झटके पैदा करती है। फिलहाल, अफगानिस्तान के लोग एक बार फिर भूकंप के डर में हैं, हालांकि राहत की बात यह है कि इस बार किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली है।

Exit mobile version