Site icon Dainik Savera Times

पर्यटन को बढ़ावाः चीन में अब टूरिस्ट ट्रेनों के जरिए यात्री ले सकेंगे सुंदर दृश्यों का नजारा

China News

China News

चीन में आमतौर पर लोग घूमना बहुत पसंद करते हैं, और परिवहन व्यवस्था सुगम होने के कारण उन्हें एक शहर से दूसरे शहर जाने में बड़ी आसानी होती है। इनमें रेल परिवहन सबसे अहम भूमिका निभाता है। जैसा कि हम जानते हैं कि हर रोज ट्रेनों के जरिए लाखों चीनी नागरिक यात्रा करते हैं। ऐसे में रेलगाड़ियां देश में पर्यटन को बढ़ावा देने का भी काम करती हैं। क्योंकि चीन में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पचास हज़ार किमी. से ज्यादा पहुंच गया है। इसके चलते लोगों को घूमने-फिरने या काम आदि के लिए दूसरी जगह यात्रा करने में बहुत सुविधा होती है। इसे देखते हुए अब सरकार ट्रेनों का इस्तेमाल खासतौर पर पर्यटन के लिए करने जा रही है।

हाल में जारी एक दस्तावेज के मुताबिक चीन ने वर्ष 2030 तक 160 से ज्यादा स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन यूनिट लगाने की दिशा में एक पहल शुरू की है। बताया जाता है कि इसका उद्देश्य, रेलवे आधारित परिवहन संबंधी उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाना और सेवा उपभोग में तेज़ी लाना है। पिछले दिनों चीन द्वारा एक दस्तावेज़ जारी किया गया। जिसे वाणिज्य मंत्रालय, संस्कृति व पर्यटन मंत्रालय और चाइना स्टेट रेलवे ग्रुप आदि ने मिलकर तैयार किया है। इसमें रेलवे और पर्यटन के एकीकृत विकास को बढ़ावा देने के लिए 15 सुझाव और उपाय पेश किए गए हैं।

इनमें पर्यटक ट्रेनों के रेनोवेशन में निवेश करने के लिए सामाजिक पूंजी और नेटवर्क को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही अलग-अलग स्थितियों के लिए सर्विस तैयार की जाएगी, जिनमें छोटी और लंबी दूरी की ट्रिप्स शामिल हैं। साथ ही इनमें प्रीमियम और आरामदायक विकल्प से लेकर किफायती और सस्ते ट्रैवल प्लान रखे जाएंगे। जबकि अधिकारी टिकट बिक्री को मुख्य बिज़नेस मॉडल के तौर पर इस्तेमाल करके फिक्स्ड-रूट, रेगुलर शेड्यूल वाली सर्विस को बढ़ावा देंगे। ऐतिहासिक रेलवे स्टेशनों और सांस्कृतिक या दर्शनीय स्थलों वाले रेलवे म्यूज़ियम को रेलवे-थीम वाले ट्रैवल रूट और सांस्कृतिक उत्पाद के रूप में पेश करने के लिए फिर से बनाया जाएगा।

सेवा गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए रेलवे स्टेशनों और शहरी सार्वजनिक परिवहन के बीच कनेक्शन बढ़ाने, कस्टमाइज़्ड बस सर्विस और दर्शनीय स्थलों तक डेडिकेटेड शटल बस चलाए जाने पर जोर दिया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को इसका लाभ मिल सके। आंकड़ों के मुताबिक साल 2025 में, पूरे देश में कुल 2,485 टूरिस्ट ट्रेनें चलाई गईं, जो साल-दर-साल 33.6 फीसदी अधिक है। इस बीच चीनी रेलवे नेटवर्क ने पिछले साल 4.25 अरब से ज़्यादा फेरे लगाए। टूरिज़्म से जुड़ी यात्रा कुल यात्रा का लगभग एक-तिहाई थी, जिससे यह रेलवे यात्री परिवहन की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली कैटेगरी बन गई।

ध्यान रहे कि चीन के पर्यटन उद्योग में तेज बढ़ोतरी हो रही है, जो कि घरेलू मार्केट में तेज़ी और इनबाउंड ट्रैवल में बढ़ोतरी के कारण देखी गयी है। चीन में टूरिज्म सेक्टर में 6.4 ट्रिलियन युआन से अधिक का राजस्व होता है। साथ ही 80 मिलियन से ज्यादा नौकरियां भी लोगों को मिल रही हैं। पर्यटन का चीनी अर्थव्यवस्था में कितना अहम योगदान है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यह देश की जीडीपी में 9 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखता है।

चीन ने हाल के वर्षों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। इनमें टूरिज़्म संबंधी इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार करना और बुजुर्ग फ्रेंडली सुविधाओं को बेहतर बनाना शामिल है। इसके अलावा पर्यटकों के लिए निर्धारित वेटिंग एरिया बनाना और आसान ट्रांसफर चैनल बनाना शामिल है।

(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version