Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Colombia में दर्दनाक विमान हादसा, एक झटके में खत्म हो गईं 15 जिंदगियां

January 29, 2026

Colombia में दर्दनाक विमान हादसा, एक झटके में खत्म हो गईं 15 जिंदगियां

इंटरनेशनल डेस्क: कोलंबिया के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में स्थित नोर्टे दे सांतांदेर प्रांत के एक दूरदराज ग्रामीण इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन और परिवहन मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि की है।

यह विमान कोलंबिया की सरकारी एयरलाइन साटेना का था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान क्यूरासिका नामक इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले विमान गिरने की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया। हालांकि, रेस्क्यू टीम के पहुंचने पर पुष्टि हुई कि इस हादसे में कोई भी यात्री या क्रू मेंबर जीवित नहीं बचा।

विमान ने बुधवार सुबह 11 बजकर 42 मिनट पर कुकूता शहर के हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। इसका गंतव्य ओकान्या शहर था, जो पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है। आमतौर पर यह उड़ान करीब 40 मिनट में पूरी हो जाती है, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया।

हादसे के समय विमान में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें 13 यात्री और 2 क्रू मेंबर शामिल थे। यात्रियों में मारिया अल्वारेज बारबोसा, कार्लोस साल्सेडो, रोलैंडो पेनालोजा ग्वाल्ड्रोन, मारिया डियाज रोड्रिगेज, मायरा एवेंडानो रिनकॉन, अनायेसेल क्विंटेरो, करें पैरालेस वेरा, एनिरली जूलियो ओसोरियो, गिनेथ रिनकॉन, डायोजेनेस क्विंटेरो अमाया, नतालिया अकोस्टा साल्सेडो, माइरा सांचेज क्रिएडो और जुआन पाचेको मेजिया शामिल थे। वहीं क्रू मेंबर्स में कैप्टन मिगुएल वेनेगास और कैप्टन जोस डे ला वेगा सवार थे।

मृतकों में डायोजेनेस क्विंटेरो का नाम खास तौर पर सामने आया है, जो अपने क्षेत्र में आंतरिक सशस्त्र संघर्ष से प्रभावित लोगों के प्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे। उनकी मौत से स्थानीय लोगों में गहरा दुख और चिंता का माहौल है।

विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर HK-4709 बताया गया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हादसा किन कारणों से हुआ, जांच एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, खराब मौसम या किसी अन्य वजह से हुई। हादसे की पूरी सच्चाई जानने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें