Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

बहामास में दर्दनाक विमान हादसा, 10 लोगों की मौत

July 11, 2026

बहामास में दर्दनाक विमान हादसा, 10 लोगों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: कैरेबियाई देश बहामास में शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। नॉर्थ एंड्रोस इलाके में एक छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद बहामास सरकार ने एहतियात के तौर पर फ्लेमिंगो एयर की सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। यह प्रतिबंध तब तक जारी रहेगा, जब तक दुर्घटना की जांच पूरी नहीं हो जाती।

यह हादसा नॉर्थ एंड्रोस बहामास की राजधानी नासाउ के पश्चिम में स्थित एक द्वीपीय क्षेत्र है। दुर्घटना की खबर मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन विमान में मौजूद किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे के बाद बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने शुरुआती जानकारी में कहा था कि एक व्यक्ति जीवित मिला है। हालांकि, बाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में इलाज के दौरान उस व्यक्ति की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में विमान में सवार सभी 10 लोगों की जान चली गई। फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

प्रधानमंत्री ने जताया गहरा दुख

प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए बेहद दुखद पल है, जिस दिन बहामास अपनी आजादी की 53वीं वर्षगांठ मना रहा था, उसी दिन यह दर्दनाक हादसा हो गया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।

उड़ान भरने के कुछ समय बाद हुआ हादसा

बहामास विमान दुर्घटना जांच प्राधिकरण के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान ने नासाउ स्थित लिंडन पिंडलिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। यह विमान सैन एंड्रोस जा रहा था। हादसे का शिकार हुआ विमान सेसना 402 मॉडल का था और उसका पंजीकरण बहामास में ही किया गया था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि दुर्घटना किन कारणों से हुई।

फ्लेमिंगो एयर की सेवाओं पर अस्थायी रोक

हादसे के बाद विमानन मंत्रालय ने फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। मंत्रालय का कहना है कि यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जांच पूरी होने और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही एयरलाइन की सेवाएं दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।

उसी दिन सामने आई दूसरी तकनीकी घटना

ऊर्जा, उपयोगिताएं और विमानन मंत्री जोबेथ कोलबी-डेविस ने बताया कि शुक्रवार को फ्लेमिंगो एयर से जुड़ी एक और गंभीर घटना भी हुई थी। एयरलाइन का एक अन्य विमान मायागुआना के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान के दौरान पायलट ने तकनीकी खराबी की जानकारी दी और विमान को सुरक्षित वापस नासाउ ले आया। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद विमान में आग लग गई। इस घटना की भी अलग से जांच की जा रही है।

सरकार का कहना है कि दोनों घटनाओं की गहराई से जांच की जाएगी, ताकि हादसों के सही कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें