Indonesia: इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे 13 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब लोगों से भरी एक पिकअप गाड़ी हाईवे पर दो ट्रकों के बीच आ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रविवार दोपहर जावा द्वीप के इंद्रामायु क्षेत्र में कियाजारन कुलोन गांव के पास उत्तरी तटीय हाईवे पर हुआ। पिकअप में सवार सभी लोग पास के परेआन गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में चालक ने हाईवे पर बने यू-टर्न से वाहन मोड़ने के लिए अपनी पिकअप की रफ्तार कम की और डिवाइडर के पास उसे रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक बड़े ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
दूसरी टक्कर ने बढ़ाई तबाही
पहली टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप नियंत्रण खोकर सामने वाली लेन में पहुंच गई। उसी समय सामने से आ रहा एक अन्य ट्रक भी उससे टकरा गया। दो तरफ से हुई टक्कर के कारण पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे कई लोग सड़क पर जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई। बाद में कुल 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई। वहीं पांच घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस कर रही है जांच
स्थानीय यातायात अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रक चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से यह हादसा हुआ। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंडोनेशिया में क्यों होते हैं ऐसे हादसे?
इंडोनेशिया में सड़क दुर्घटनाएं अक्सर गंभीर रूप ले लेती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इसके पीछे कई कारण हैं, जिनमें क्षमता से अधिक यात्रियों या सामान को ढोना, सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजामों की कमी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का सही तरीके से पालन न होना शामिल है। इन कारणों से हर साल बड़ी संख्या में लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं। यह ताजा घटना भी सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...