इंटरनेशनल डेस्क। इंडोनेशिया के सेंट्रल जावा प्रांत के सेमारंग शहर में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की जान चली गई, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा क्राप्याक टोल एग्जिट के पास एक चौराहे पर हुआ। स्थानीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे बस सीधे सड़क किनारे लगे रोड बैरियर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पलट गई और उसमें बैठे कई यात्री अंदर ही फंस गए।
पलटी बस में फंसे रहे यात्री
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पलटी हुई बस के अंदर कई यात्री फंसे हुए थे। बस के शीशे टूट चुके थे और उसका ढांचा बुरी तरह मुड़ गया था, जिससे अंदर फंसे लोगों तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया।
कैसे चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
सेमारंग सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख बुडियोनो ने बताया कि राहत और बचाव कार्य बहुत चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि बस में घुसने के लिए कोई सीधा रास्ता नहीं था। बचाव दल को विशेष उपकरणों की मदद से बस का हिस्सा काटकर अंदर जाना पड़ा। टूटे हुए कांच और मुड़ी हुई लोहे की संरचना के कारण हर कदम पर खतरा बना हुआ था। कई घंटों की मेहनत के बाद सभी घायलों और मृतकों को बस से बाहर निकाला जा सका।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है। वहीं, पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं।
जकार्ता में हाल ही में लगी थी आग
यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है, जब कुछ दिन पहले इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भी एक दर्दनाक घटना हुई थी। वहां एक रिहायशी घर में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। जकार्ता रीजनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के प्रमुख इस्नावा अदजी के अनुसार, आग गुरुवार रात करीब 8:10 बजे लगी थी। आग बुझाने के लिए 10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगाई गईं और करीब 11 बजे आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस घर में आग लगी, वहां एक्सेसरीज बनाने का वेयरहाउस भी चल रहा था। आग लगने की संभावित वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं ने इंडोनेशिया में सड़क सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग अब प्रशासन से बेहतर सुरक्षा उपायों और सख्त नियमों की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः BA का परीक्षा देने आई महिला ने परीक्षा केंद्र में बच्चे को दिया जन्म, कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल

