Site icon Dainik Savera Times

मेक्सिको में बड़ा ट्रेन हादसा: डबल-डेकर बस से टकराई मालगाड़ी; 8 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

Mexico train accident : मेक्सिको में सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। आपको बता दें कि एक ट्रेन ने डबल-डेकर बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस के परखच्चे उड़ गए। वहीं टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन ने बस के बीच हिस्से को टक्कर मारी और उसे कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। बता दें कि इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 45 लोग घायल हुए हैं।

इंडस्ट्रियल एरिया के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना 8 सितंबर को मेक्सिको सिटी से करीब 130 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित अटलाकोमुल्को शहर में हुई। नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि यह इलाका औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कई गोदाम और कारखाने मौजूद हैं। फिलहाल आपातकालीन दल मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि बस भारी ट्रैफिक के बीच धीरे-धीरे रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी। तभी तेज रफ्तार ट्रेन आती है और बस को बीच से जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पटरी पर धंस गई और ट्रेन उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई।

सुरक्षा में लापरवाही बनी हादसे की वजह

वीडियो में साफ दिख रहा है कि क्रॉसिंग पर न तो कोई बैरियर मौजूद था और न ही कोई ट्रैफिक सिग्नल। बस सीधे पटरियों पर चढ़ गई और कुछ ही सेकंड में ट्रेन की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा होने से कुछ पल पहले अन्य वाहन भी ट्रैक पार करते दिखाई दिए थे।

4 साल पहले भी हुआ था बड़ा हादसा

बता दें कि यह कोई पहला बड़ा हादसा नहीं है। मई 2021 में भी मेक्सिको सिटी की मेट्रो लाइन-12 का एक ऊंचा खंड ढह गया था। उस समय ट्रेन इसके ऊपर से गुजर रही थी, जिससे 26 लोगों की मौत और करीब 98 लोग घायल हुए थे। जांच में उस हादसे की वजह खराब वेल्डिंग, डिजाइन की खामियां और संरचनात्मक कमजोरियां पाई गई थीं।

Exit mobile version