Site icon Dainik Savera Times

US Travel Ban: ट्रंप प्रशासन का बड़ा फैसला, 30 से अधिक देशों के नागरिकों की अमेरिका में एंट्री मुश्किल

Trump

Trump

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशी नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश को लेकर सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप प्रशासन ने ट्रैवल बैन की सूची में 5 और देशों को जोड़ दिया है। इसके बाद अब 30 से ज्यादा देशों के नागरिकों के लिए अमेरिका में एंट्री करना बेहद मुश्किल हो गया है। इन देशों में कुछ पर पूरी तरह रोक लगाई गई है और कुछ देशों के लिए आंशिक प्रतिबंध और कड़े नियम लागू किए गए हैं। यह फैसला अमेरिका की इमिग्रेशन नीति को और सख्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इससे देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया जा सकेगा।

सुरक्षा चिंताओं के बाद लिया गया फैसला

ट्रैवल बैन का यह फैसला हाल ही में अमेरिका में हुई एक गंभीर घटना के बाद लिया गया है। थैंक्सगिविंग वीकेंड के दौरान नेशनल गार्ड के दो जवानों पर हमला हुआ था। इस हमले का आरोपी एक अफगान नागरिक बताया गया, जिससे वीजा और इमिग्रेशन प्रक्रिया की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे। इसके बाद प्रशासन ने विदेशी नागरिकों की जांच प्रक्रिया को और कड़ा करने का निर्णय लिया।

ये भी पढ़ें: Delhi यात्रियों के लिए खुशखबरी, सरकार शुरू करने जा रही Bharat Taxi

सरकार ने क्यों लगाया ट्रैवल बैन?

व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ट्रैवल बैन का मकसद उन विदेशी नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश से रोकना है, जिनकी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पूरी तरह उपलब्ध नहीं है। प्रशासन के अनुसार, जिन देशों को प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया है, वहां भ्रष्टाचार, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल और कमजोर आपराधिक रिकॉर्ड सिस्टम जैसी समस्याएं पाई जाती हैं। इससे किसी व्यक्ति की सही पृष्ठभूमि की जांच करना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा कई देशों में वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी लोग अमेरिका में रुक जाते हैं, जब अमेरिका ऐसे नागरिकों को वापस भेजना चाहता है, तो कुछ देश उन्हें स्वीकार करने से इनकार कर देते हैं। इससे अमेरिका की सुरक्षा और इमिग्रेशन व्यवस्था पर दबाव बढ़ता है।

इन देशों के नागरिकों की अमेरिका में पूरी तरह एंट्री बंद

नई सूची के अनुसार, बुर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान और सीरिया के नागरिकों के अमेरिका आने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरीट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन पहले से ही पूरी तरह प्रतिबंधित देशों की सूची में शामिल हैं।

इन देशों पर आंशिक प्रतिबंध जारी

कुछ देशों के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसमें बुरुंडी, क्यूबा, टोगो और वेनेजुएला शामिल हैं। आंशिक प्रतिबंध का मतलब है कि इन देशों के नागरिकों को केवल कुछ खास वीजा कैटेगरी में ही अमेरिका में प्रवेश की अनुमति मिलेगी और सामान्य इमिग्रेशन पर सख्त पाबंदियां बनी रहेंगी। इसके अलावा अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, कोट डी’वोआर, डोमिनिका, गैबॉन, गाम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोंगा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे समेत 15 अन्य देशों पर भी आंशिक प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

ये भी पढ़ें: पंजाब सरकार का बड़ा कदम: कामकाजी महिलाओं के लिए 150 करोड़ से बनेंगे 5 नए हॉस्टल

इमिग्रेशन नीति और सख्त होने के संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में अमेरिका की इमिग्रेशन नीति और भी सख्त हो सकती है। ट्रंप प्रशासन का फोकस साफ तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा, वीजा जांच प्रक्रिया और अवैध प्रवास पर रोक लगाने पर है।

Exit mobile version