इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपनी टैरिफ नीति का बचाव किया है और इसके फायदे गिनाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अमेरिका पहले से कहीं ज्यादा मजबूत, अमीर और सम्मानित देश बना है। इसके साथ ही उन्होंने अपने आलोचकों को निशाना बनाते हुए कहा कि जो लोग टैरिफ के खिलाफ हैं, वे मूर्ख हैं।
ट्रंप ने दावा किया कि उनकी व्यापार नीति के चलते अमेरिका में रिकॉर्ड स्तर पर आर्थिक प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में शेयर बाजार (Stock Market) ने नई ऊंचाइयां छुईं, लोगों के रिटायरमेंट फंड 401(K) की वैल्यू बढ़ी और देशभर में नई फैक्ट्रियां खुलीं। टैरिफ की वजह से अमेरिका में निवेश बढ़ा और लाखों लोगों को रोजगार मिला।
ये भी पढ़ें: 3 राज्यों में भारी बारिश की चेतवानी, पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से और गिरेगा तापमान
हर अमेरिकी को मिलेंगे 2000 डॉलर
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि टैरिफ रेवेन्यू से अमेरिका को जो कमाई हो रही है, उसका एक हिस्सा आम जनता को दिया जाएगा। लगभग हर अमेरिकी (उच्च आय वर्ग को छोड़कर) को 2000 डॉलर का ‘टैरिफ डिविडेंड’ दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि यह भुगतान कब और किस तरह से किया जाएगा।

टैरिफ से बढ़ेगा देश का राजस्व
ट्रंप ने कहा कि टैरिफ से अमेरिका को खरबों डॉलर की आय हो रही है। इस रकम का इस्तेमाल देश के बढ़ते राष्ट्रीय कर्ज (National Debt) को चुकाने में किया जा सकता है, जो फिलहाल 37 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। उनके नेतृत्व में अमेरिका अपने कर्ज को कम करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
ये भी पढ़ें: इन 2 राशियों की चमकेगी किस्मत! धन की प्राप्ति के बन रहे योग, जानें अन्य राशियों का हाल
सुप्रीम कोर्ट में ट्रंप की टैरिफ नीति पर सवाल
हालांकि, ट्रंप की यह टैरिफ पॉलिसी फिलहाल कानूनी जांच के घेरे में है। हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में इस मुद्दे पर करीब ढाई घंटे तक सुनवाई हुई। जजों ने पूछा कि क्या राष्ट्रपति को अकेले टैरिफ लगाने का अधिकार है। चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स (John Roberts) ने सुनवाई के दौरान कहा कि टैरिफ को टैक्स की तरह देखा जा सकता है और अमेरिकी संविधान के मुताबिक टैक्स या टैरिफ लगाने का अधिकार कांग्रेस के पास है, न कि राष्ट्रपति के पास।