न्यूयॉर्क : अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान और इसराइल एक-दूसरे पर हमला नहीं करने पर सहमत हो गए हैं तथा अगले 2-3 दिनों में ईरान के साथ समझौता होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य खोल दिया जाएगा। ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि दोनों पक्ष एक ऐसे समझौते के अंतिम चरण में हैं, जो किसी भी रूप में परमाणु हथियारों की अनुमति नहीं देगा।
उन्होंने बताया कि इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू से उनकी बातचीत हुई है और उनकी मध्यस्थता में दोनों पक्ष कम से कम एक सप्ताह तक हमले रोकने पर सहमत हुए हैं। ईरान के साथ बातचीत का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चाहे तो सैन्य कार्रवाई कर सकता है, लेकिन उससे भारी जनहानि होगी। उनके अनुसार, हस्ताक्षरित समझौता किसी भी सैन्य कार्रवाई से अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने दावा किया कि आर्थिक नाकेबंदी ने ईरान पर बमबारी से अधिक असर डाला है और अंततः वह समझौता करेगा।