वाशिंगटन : अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर फिर सैन्य हमले की संभावना से इन्कार नहीं किया है। एक न्यूज चैनल ने जब उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह संभव है, लेकिन वह इस पर कुछ नहीं कहना चाहते। ट्रंप ने दावा किया कि अमरीका सैन्य कार्रवाई और ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने के अभियान, दोनों मोर्चों पर बढ़त हासिल कर रहा है।
ट्रंप ने कहा कि सैन्य नजरिए से अमरीका पहले ही जीत चुका है, लेकिन कार्रवाई अभी रुकी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की अर्थव्यवस्था और सैन्य ताकत को भारी नुक्सान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि संघर्ष जल्द खत्म होगा और इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें युद्ध से पहले के स्तर तक गिर सकती हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि सबसे अहम बात यह है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा।
ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस सप्ताह ईरान के साथ और बातचीत होने की उम्मीद है, हालांकि तेहरान का हालिया प्रस्ताव उनकी मांगों के अनुरूप नहीं है। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि बातचीत का रास्ता खुला है और उनका देश अपने परमाणु कार्यक्रम पर कुछ सीमाओं को लेकर चर्चा के लिए तैयार है।

