वाशिंगटन : अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक प्रस्तावित सैन्य समझौते के तहत इसराइल को 2,000 पाउंड वजन वाले बेहद शक्तिशाली बम देने की योजना बना रहा है। ये वही हथियार हैं, जिनकी आपूर्ति पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने गाजा में भारी तबाही और बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका के कारण रोक दी थी। 2 अमरीकी अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर मंगलवार को बताया कि, 2.8 अरब डॉलर के इस पैकेज में कुल 40,000 बम देने की योजना है। हालांकि कि इस योजना को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
अमरीकी संसद कांग्रेस को इस समझौते के बारे में अनौपचारिक रूप से सूचित कर दिया गया है। सौदे की अधिकांश राशि विदेशी सैन्य वित्तपोषण के माध्यम से चुकाई जानी है। इसके तहत अमरीकी करदाताओं के पैसे इसराइल को दिए जाते हैं, और इसराइल उसी राशि का इस्तेमाल अमरीका से हथियार खरीदने के लिए करता है। यह प्रस्तावित बिक्री इसराइल की सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने के ट्रंप प्रशासन की ओर से उठाए जा रहे कदमों की शृंखला में नवीनतम है।