मनीला: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को क्वाड देशों के बीच बढ़ते सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ये देश एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मनीला में आयोजित ‘क्वाड लीडर्स समिट’ को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘क्वाड’ को दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि इस समूह के सदस्य दुनिया के सबसे सफल और शक्तिशाली देशों में शामिल हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा तथा आर्थिक कूटनीति के मुद्दों पर मिलकर काम करते हैं।
‘हम सभी दोस्त हैं और हमारी साझेदारी मजबूत’
ट्रंप ने कहा, “हमारे लिए यह एक शानदार साल रहा है। ‘क्वाड’ की वापसी और हमारे बीच सहयोग लगातार बढ़ा है। हमारी दोस्ती भी पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। हम सभी दोस्त हैं और इससे साथ काम करना आसान हो जाता है। ये देश दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हम दुनिया के सबसे सफल देशों में हैं और कई मायनों में सबसे शक्तिशाली देशों में भी शामिल हैं। हमारे देश मिलकर एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की नींव हैं। क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक कूटनीति जैसे मुद्दों पर हमारा तालमेल बहुत अच्छा है।”
सुपरइंटेलिजेंस और समुद्री सुरक्षा पर मिलकर करेंगे काम
समुद्री सहयोग का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने जापान के पास आयोजित मालाबार नौसैनिक अभ्यास के 30वें संस्करण का जिक्र किया, जिसमें चारों क्वाड देशों की नौसेनाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास के दौरान नाविकों ने पनडुब्बी रोधी (एंटी-सबमरीन) और सतही युद्ध (एंटी-सर्फेस वॉरफेयर) से जुड़े अभ्यास किए। ट्रंप ने कहा कि आज के समय में पनडुब्बी रोधी क्षमताएं पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई हैं।
उन्होंने कहा, “क्वाड देशों की नौसेनाओं ने हाल ही में जापान के पास 30वां मालाबार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया, जहां हमारे नाविकों ने एंटी-सबमरीन और एंटी-सर्फेस वॉरफेयर ड्रिल पूरी कीं। आज एंटी-सबमरीन क्षमताएं बेहद महत्वपूर्ण हो चुकी हैं। हमारी पनडुब्बियां दुनिया में सबसे बेहतरीन हैं। हम इस क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया और अन्य साझेदारों के साथ भी काम कर रहे हैं। हमारी पनडुब्बियां बेहद उन्नत हैं।”
समुद्री गश्ती विमानों से करेंगे संयुक्त अभ्यास, ट्रंप ने किया ऐलान
ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि क्वाड देश समुद्री गश्ती विमानों को शामिल करते हुए एक नया संयुक्त अभ्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि चारों देश मिलकर सुपरइंटेलिजेंस (एसआई) को आगे बढ़ाने पर भी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज हम यह भी घोषणा कर रहे हैं कि क्वाड देश समुद्री गश्ती विमानों के साथ एक अभ्यास करेंगे, ताकि ताकत के जरिए शांति बनाए रखी जा सके। हम सुपरइंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
यह औद्योगिक क्रांति के बाद आर्थिक विकास का सबसे बड़ा अवसर हो सकता है। हमें इसके इस्तेमाल में सावधानी बरतनी होगी, लेकिन विज्ञान और चिकित्सा के क्षेत्र में इससे जो नई खोजें हो रही हैं, वे बेहद आश्चर्यजनक हैं। जिन चीजों पर पहले 40 साल तक काम करना पड़ता था, अब उनके जवाब कुछ ही मिनटों में मिल रहे हैं।” अपने संबोधन के अंत में ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बोलने के लिए आमंत्रित किया और उन्हें अपना मित्र तथा एक महान नेता बताया, जिनका सम्मान पूरी दुनिया में किया जाता है।

