Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमरीकी प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है ईरान; ट्रंप ने युद्ध ‘जल्द’ खत्म होने का जताया अनुमान

May 8, 2026

अमरीकी प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है ईरान; ट्रंप ने युद्ध ‘जल्द’ खत्म होने का जताया अनुमान

वाशिंगटन/तेहरान : ईरान के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि युद्ध समाप्त करने संबंधी अमरीकी प्रस्ताव अभी समीक्षाधीन है और ईरान अपने रुख को अंतिम रूप देने के बाद पाकिस्तानी मध्यस्थों को जवाब देगा। ईरान की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध जल्द समाप्त होने की संभावना जताई है। ट्रंप ने जॉर्जिया में रिपब्लिकन समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, पिछले 24 घंटों में ईरान के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई है और समझौते की संभावना है।

मुझे लगता है कि हम जीत गए। उन्होंने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के उनके प्रयासों के कारण यदि अमरीकियों को ईंधन कीमतों जैसी अल्पकालिक आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, तो वह अस्थायी होगा। अमरीकी मीडिया संस्थान एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार व्हाइट हाऊस ईरान के साथ 14 बिंदुओं वाले एक समझौता ज्ञापन के करीब पहुंच सकता है, जो आगे परमाणु वार्ता के लिए रूपरेखा का काम करेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक अमरीका और ईरान एक ऐसे समझौते पर काम कर रहे हैं, जिससे युद्धविराम लागू हो सके और 30 दिनों के भीतर परमाणु मुद्दे, ईरानी संपत्तियों को मुक्त करने तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता जैसे विवादित मुद्दों पर समाधान निकाला जा सके।

ट्रंप ने कहा कि किसी भी समझौते के तहत ईरान को अपने उच्च संवर्धित यूरेनियम को अमरीका भेजना होगा और भूमिगत परमाणु सुविधाएं बंद करनी होंगी। दूसरी ओर, ईरान में इस प्रस्ताव को लेकर मतभेद दिखाई दे रहे हैं। ईरानी संसद के एक वरिष्ठ सदस्य ने प्रस्ताव को अमरीका की इच्छाओं की सूची बताया, जबकि एक अन्य अधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि अमरीका आवश्यक रियायतें नहीं देता है तो ईरान कठोर जवाब देगा जिससे अमरीका को पछतावा होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें