Site icon Dainik Savera Times

Trump ने Kamala Harris की नस्लीय पहचान पर उठाए सवाल, बोले – ‘वह भारतीय हैं या अश्वेत’

शिकागो : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शिकागो में नेशनल एसोसिएशन ऑफ ब्लैक जर्नलिस्ट्स (एनएबीजे) सम्मेलन के दौरान अपनी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस की नस्लीय पहचान पर सवाल उठाकर विवाद खड़ा कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘कमला हैरिस हमेशा से भारतीय मूल की थीं और वह केवल भारतीय विरासत को बढ़ावा दे रही थीं। मुझे कई साल पहले तक पता नहीं था कि वह अश्वेत हैं, लेकिन बाद में वह अश्वेत बन गईं और अब वह अश्वेत के रूप में पहचानी जाना चाहती हैं।‘ रिपब्लिकन के पूर्व राष्ट्रपति ने बुधवार को एनएबीजे के वार्षकि सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे नहीं पता कि वह भारतीय हैं या अश्वेत? मैं दोनों का सम्मान करता हूं, लेकिन वह स्पष्ट रूप से नहीं करतीं। हैरिस पहली अश्वेत महिला और एशियाई अमेरिकी हैं जिन्होंने उपराष्ट्रपति के रूप में कार्य किया है। वह जमैकन पिता और एक भारतीय मां की बेटी हैं, दोनों ही अमेरिका में प्रवासी हैं। सीनेटर के रूप में हैरिस कांग्रेसनल ब्लैक कॉकस की सदस्य थीं। कमला हैरिस के अभियान के कम्युनिकेशन्स डायरेक्टर माइकल टायलर ने बुधवार को एक बयान में कहा, ’डोनाल्ड ट्रंप ने मंच पर जो शत्रुता दिखाई, वही शत्रुता उन्होंने अपने पूरे जीवन में, अपने कार्यकाल के दौरान और राष्ट्रपति पद के लिए अपने पूरे अभियान के दौरान दिखाई है, वह सत्ता हासिल करना चाहते हैं।

Exit mobile version