Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका में भारतीय समुदाय के दिवाली कार्यक्रम में ट्रंप समर्थकों ने किया हंगामा

November 9, 2026

अमेरिका में भारतीय समुदाय के दिवाली कार्यक्रम में ट्रंप समर्थकों ने किया हंगामा

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका में भारतीय समुदाय के खिलाफ नफरत और नस्लीय भेदभाव का एक मामला सामने आया है। सिएटल में दिवाली का त्योहार मना रहे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में कुछ ट्रंप समर्थकों ने पहुंचकर हंगामा किया। इन लोगों ने भारतीयों के खिलाफ अपमानजनक नारे लगाए और ऐसे पोस्टर दिखाए, जिनमें भारतीयों को अमेरिका से बाहर निकालने की मांग की गई थी। इस घटना के बाद वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कई अमेरिकी सांसदों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है।

दिवाली कार्यक्रम में घुसकर लहराए विवादित पोस्टर
जानकारी के मुताबिक, सिएटल में भारतीय समुदाय के लोग दिवाली का त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान ट्रंप समर्थक जैक लैंग अपने एक साथी के साथ कार्यक्रम में पहुंच गया। दोनों ने वहां भारतीय समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर दिखाने शुरू कर दिए।

इन पोस्टरों पर लिखा था कि सभी भारतीयों को अमेरिका से बाहर निकाल दिया जाए। इसके अलावा पोस्टरों में यह भी दावा किया गया था कि हिंदू लोग ईसाइयों की जगह ले रहे हैं। इस तरह के संदेशों से कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जैक लैंग और उसके साथी को कार्यक्रम से बाहर निकाल दिया।

कौन है जैक लैंग, जिसका नाम पहले भी विवादों में रहा?
जैक लैंग वही व्यक्ति है, जिसका संबंध व्हाइट रिप्लेसमेंट संगठन से बताया जाता है। वह 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन यानी कैपिटल हिल पर हुए हमले में शामिल लोगों में से एक था। इस हमले के मामले में उसे चार साल की जेल की सजा हुई थी। हालांकि, साल 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले ही दिन उसे माफी दे दी थी। इसके बाद वह जेल से बाहर आ गया। अब एक बार फिर भारतीय समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक बयान और पोस्टर दिखाने को लेकर उसका नाम चर्चा में है।

भारतीयों पर लगाए गंभीर आरोप
जैक लैंग ने इस घटना के दौरान दावा किया कि हिंदू-अमेरिकियों की वजह से टेक्सास में डेमोक्रेटिक पार्टी को राजनीतिक फायदा हुआ है। उसका आरोप था कि भारतीय मूल के लोगों ने राज्य की राजनीति को प्रभावित किया है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिका में मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में भी दिवाली का त्योहार मनाया था।

सांसद प्रमिला जयपाल ने जताई नाराजगी
इस घटना पर भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दिवाली हिंदू समुदाय का एक बहुत महत्वपूर्ण त्योहार है और हर व्यक्ति को बिना किसी डर के अपना त्योहार मनाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के शहरों और देश में नफरत फैलाने वाली ऐसी हरकतों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। किसी भी समुदाय को उसके धर्म, पहचान या विरासत के आधार पर निशाना बनाना गलत है।

राजा कृष्णमूर्ति ने भी की घटना की निंदा
अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि दिवाली के मौके पर हमें गर्व के साथ दीया जलाना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही यह संकल्प भी लेना चाहिए कि हिंदुओं और किसी भी दूसरे समुदाय के खिलाफ फैलाई जा रही नफरत को खत्म किया जाएगा। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर नफरत और भेदभाव के खिलाफ खड़े होने की अपील की।

अजय जैन भुटोरिया बोले- नस्लवाद के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं

व्हाइट हाउस के पूर्व सलाहकार अजय जैन भुटोरिया ने भी जैक लैंग और उसके साथी की हरकतों को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि हिंदू-अमेरिकियों और भारतीय मूल के लोगों को नस्लीय टिप्पणियों और झूठी साजिशों के जरिए निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है। अमेरिका में इस तरह की सोच और व्यवहार के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि वह नस्लवाद के खिलाफ हैं और हर अमेरिकी नागरिक के उस अधिकार का समर्थन करते हैं, जिसके तहत वह बिना किसी डर के अपनी संस्कृति, धर्म और विरासत का जश्न मना सकता है।

भारतीय समुदाय के समर्थन में उठीं आवाजें
सिएटल की इस घटना ने अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले नस्लीय भेदभाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमेरिकी सांसदों और भारतीय मूल के नेताओं ने साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति को उसके धर्म, देश या संस्कृति के आधार पर निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। दिवाली जैसे खुशी और रोशनी के त्योहार पर नफरत फैलाने की इस कोशिश की अमेरिका में कई लोगों ने आलोचना की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें