Trump’s warning post: Donald Trump के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने एक बार फिर पश्चिम एशिया में हलचल तेज कर दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “It was the calm before the storm” यानी “यह तूफान से पहले की शांति।” उनके इस बयान से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अपने पोस्ट शेयर की तस्वीर में ट्रंप अमेरिकी नौसेना के एक जहाज पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में उनका अंदाज चेतावनी देने जैसा नजर आया है, जबकि पीछे समुद्र में ईरानी जहाज और बोट दिखाई दे रहे हैं। इसी वजह से इस पोस्ट को सीधे तौर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

अमेरिका-ईरान तनाव पर बढ़ी चिंता
पिछले कई महीनों से अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव जारी है। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर भी तनातनी लगातार बनी हुई है। दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियों और रणनीतिक दबाव की स्थिति पहले से ही चिंता का विषय बनी हुई थी। हालांकि ट्रंप ने अपने संदेश में किसी सैन्य कार्रवाई का उल्लेख नहीं किया, लेकिन उनके इस पोस्ट की टाइमिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर बना चर्चा का केंद्र
दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज तनाव बढ़ने पर प्रभावित होगा, जिसका असर पूरी दुनिया में देखने को मिलेगा। इस अहम समुद्री मार्ग से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। इस क्षेत्र में किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि या टकराव का असर सीधे अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
समाप्त नहीं हुई चिंताएं
फिलहाल व्हाइट हाउस या अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से इस पोस्ट को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है। वहीं ईरान की तरफ से भी अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन ट्रंप के इस एक संदेश ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता को लेकर चिंताएं अभी समाप्त नहीं हुई हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...