Site icon Dainik Savera Times

Tunisia News : ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति कैस सईद ने प्रधानमंत्री अहमद हचानी को किया बर्खास्त

ट्यूनिस: ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति कैस सईद ने प्रधानमंत्री अहमद हचानी को बर्खास्त कर दिया है। ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने बुधवार देर रात एक बयान में इसकी जानकारी दी। राष्ट्रपति कार्यालय बयान में कहा है कि राष्ट्रपति सईद ने सामाजिक मामलों के मंत्री कामेल मद्दौरी को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। हालांकि, अहमद हचानी को हटाए जाने के पीछे का उन्होंने कोई कारण नहीं बताया है। ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति कैस सईद ने पिछले साल अगस्त में अहमद हचानी को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया था।

उन्होंने नजला बौडेन की जगह ली थी, जिनका कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो गया था। बर्खास्त होने से कुछ घंटे पहले अहमद हचानी ने एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि सरकार ने वैश्विक चुनौतियों के बावजूद कई मुद्दों पर प्रगति की है, जिसमें देश की खाद्य और ऊर्जा जरूरतों को पूरा करना शामिल है। बता दें कि ट्यूनीशिया के कई हिस्सों में पानी और बिजली की कमी देखने को मिल रही है। इसके चलते लोगों में सरकार को लेकर काफी नाराजगी है।

हालांकि, सरकार का कहना है कि ट्यूनीशिया लगातार सूखे से जूझ रहा है, जिसके कारण पानी के वितरण में कोटा प्रणाली लागू की गई है। वहीं, राष्ट्रपति कैस सईद पानी की कटौती को राष्ट्रपति चुनाव से पहले की जा रही एक साजिश मानते हैं। सईद ने आलोचना के बीच अक्टूबर में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। इस बीच कृषि मंत्रालय का कहना है कि बांध का जलस्तर अत्यंत गंभीर है और 25 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

Exit mobile version