Site icon Dainik Savera Times

भूकंप के झटकों से कांपा तुर्किये: कई शहरों में मची तबाही, मलबा बनीं इमारतें

earthquake

earthquake

इंटरनेशनल डेस्क: पश्चिमी तुर्किये के बालिकेसिर प्रांत में बीती रात जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (AFAD) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.1 रही और इसका केंद्र सिंदिरगी शहर के पास, मात्र 5.9 किलोमीटर की गहराई पर था।

तीन इमारतें ढहीं, किसी जनहानि की खबर नहीं

भूकंप के झटकों से कम से कम तीन खाली इमारतें और एक दो-मंज़िला दुकान ढह गईं। गृह मंत्री अली येरलिकाया ने जानकारी दी कि ये सभी ढांचे पहले के भूकंप में पहले से ही क्षतिग्रस्त थे। उन्होंने बताया कि घबराहट के कारण गिरने से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस्तांबुल और इज़मिर तक महसूस हुए झटके

स्थानीय समयानुसार रात 10:48 बजे आए इस भूकंप के झटके इस्तांबुल, बर्सा, मनीसा और इज़मिर जैसे शहरों तक महसूस किए गए। इसके बाद भी क्षेत्र में कई आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए, जिससे लोग पूरी रात दहशत में रहे।

लोग खुले में बिताई रात

सिंदिरगी के जिला प्रशासक डोगुकन कोयुनकू ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन राहत और बचाव दल स्थिति का लगातार मूल्यांकन कर रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई लोगों ने घरों में लौटने की बजाय बाहर ही रात बिताई, क्योंकि उन्हें दोबारा झटके आने का डर सता रहा था।

अगस्त में भी हिला था यही इलाका

गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में अगस्त 2025 में भी 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी और दर्जनों घायल हुए थे। तब से बालिकेसिर और उसके आसपास लगातार हल्के भूकंप महसूस किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: तीसरे दिन भी जारी रही पाकिस्तान-अफगानिस्तान की शांति वार्ता, ट्रंप के दावों के बावजूद नहीं बनी सहमति

भूकंपों के लिहाज से बेहद संवेदनशील है तुर्किये

तुर्किये तीन प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के संगम पर स्थित है, जिसके चलते यहां भूकंप आम बात हैं। 2023 के विनाशकारी भूकंप में देश के दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 53,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और लाखों इमारतें तबाह हो गई थीं। पड़ोसी सीरिया में भी उस आपदा में 6,000 लोगों की जान गई थी।

राहत एजेंसियां अलर्ट पर

AFAD और स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं आपातकालीन टीमों को तैनात कर दिया है। इंजीनियरों की टीमें इमारतों की सुरक्षा जांच में जुटी हैं, ताकि कमजोर ढांचों की पहचान कर आगे किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

Exit mobile version