
नई दिल्ली: फिलीपींस में वायुसेना के दो विमानों के हवा में टकराने से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:51 बजे ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान हुई। हादसे में चार पायलटों की मौत हो गई। फिलीपीन एयर फोर्स (PAF) ने घटना की पुष्टि करते हुए शोक जताया है। दुर्घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस मॉडल के सभी विमानों की उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों विमान फिलीपींस के बातांगास प्रांत के लिपा सिटी स्थित फर्नांडो एयर बेस से उड़ान भरकर प्रशिक्षण अभियान पर थे। इसी दौरान दोनों SF-260 ट्रेनर विमान हवा में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों विमान एयर बेस की सीमा के अंदर ही गिर गए। हादसे में चार पायलटों की जान चली गई। राहत और आपातकालीन टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। वायुसेना ने कहा कि दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। बेस के बाहर किसी तरह के नुकसान की भी खबर नहीं मिली है।
दुर्घटना के बाद फिलीपीन एयर फोर्स ने एहतियात के तौर पर अपने सभी SF-260 विमानों को ग्राउंडेड कर दिया है। इसका मतलब है कि जांच पूरी होने और जरूरी सुरक्षा समीक्षा के बाद ही इन विमानों को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। वायुसेना के प्रवक्ता कर्नल अल्विन जे. कैपिंगुइयान के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन कदम उठाए गए। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि दोनों विमान हवा में कैसे टकराए और क्या इस घटना के पीछे तकनीकी खराबी, मानवीय चूक या कोई अन्य कारण था।
Four Pilots Killed as Two Philippine Air Force SF-260 Aircraft Collide Midair 😥😥😢😭
Two Philippine Air Force (PAF) SF-260 trainer aircraft collided midair during a training flight near Fernando Air Base in Lipa City, Batangas, at approximately 3:00 p.m. local time. https://t.co/j7S39HEAHi
— Anaya❤️ (@anaya__here) October 24, 2026
SF-260 इटली में डिजाइन किया गया एक हल्का ट्रेनिंग विमान है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सैन्य पायलटों को उड़ान की शुरुआती ट्रेनिंग देने के लिए किया जाता है। यह कोई भारी लड़ाकू विमान नहीं है, बल्कि पायलटों को विमान उड़ाने, हवा में संतुलन बनाए रखने और कठिन उड़ान अभ्यास करने में मदद करता है।
इस विमान को इतालवी इंजीनियर स्टेलियो फ्राटी ने 1960 के दशक में डिजाइन किया था। इसने पहली बार 15 जुलाई 1964 को उड़ान भरी थी। शुरुआत में इसका उत्पादन एवियामिलानो ने किया था। बाद में SIAI-Marchetti ने इसके उत्पादन की जिम्मेदारी संभाली। आगे चलकर यह विमान एयरोमाची और इतालवी विमान निर्माता कंपनी लियोनार्डो से भी जुड़ा। SF-260 अपनी एक्रोबेटिक उड़ान क्षमता के लिए जाना जाता है। इसके अलग-अलग संस्करणों का इस्तेमाल सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ सीमित हल्के हमले वाले अभियानों में भी किया गया है।
फिलीपीन एयर फोर्स लंबे समय से SF-260 विमानों का इस्तेमाल करती रही है। इन विमानों की मदद से नए पायलटों को बुनियादी उड़ान कौशल सिखाया जाता है और उन्हें सैन्य विमान उड़ाने के लिए तैयार किया जाता है। कुछ संस्करणों का इस्तेमाल हल्के हमले और उग्रवाद विरोधी अभियानों में भी किया गया है। वर्ष 2017 में मरावी शहर में चलाए गए अभियान के दौरान भी SF-260 विमानों का इस्तेमाल हुआ था।
हादसे के बाद फिलीपीन एयर फोर्स ने मृत पायलटों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। वायुसेना परिवारों के साथ समन्वय कर रही है और उनकी सहायता को प्राथमिकता दे रही है। साथ ही, लोगों से प्रभावित परिवारों की निजता का सम्मान करने की अपील की गई है।फिलहाल दुर्घटना के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेनिंग के दौरान दोनों विमान किस परिस्थिति में टकराए और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।