Site icon Dainik Savera Times

नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की आपस में टक्कर, एक भारतीय नागरिक की मौत, दो घायल

helicopter crash

नेशनल डेस्कः नेपाल से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नेपाल के सोलुखुंबु जिले में दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होने से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब दोनों हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलीपैड पर लैंडिंग कर रहे थे। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए हेलीकॉप्टर
मिली जानकारी के अनुसार, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलीपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों को आपस में टकराते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में घटनास्थल के आसपास कई लोग भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं।

एक भारतीय नागरिक की हुई मौत
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे के बाद उनकी मौत हो गई। मृतक के शव को प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से लुक्ला पहुंचाया गया।

भारतीय मूल का न्यूजीलैंड नागरिक घायल
हादसे में घायल दूसरे व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है। वह भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक बताए जा रहे हैं। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल भेजा गया है।

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकराए थे। इस दुर्घटना में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं। वहीं, सोलुखुंबु जिला पुलिस के अनुसार हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन ने शुरू की जांच
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल शुरुआती तौर पर लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे टकराने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।

 

Exit mobile version