Site icon Dainik Savera Times

होर्मुज स्‍ट्रेट के पास दो तेल टैंकरों पर हमला, जांच में जुटीं एजेंसियां

इंटरनेशनल डेस्क। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने शनिवार को बताया कि होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजर रहे दो तेल टैंकरों पर ओमान के खसाब के पास अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया।

पहली घटना सुबह करीब 5 बजे (जीएमटी) पर हुई, जब खसाब से लगभग 11 समुद्री मील उत्तर में एक टैंकर के पिछले हिस्से (स्टर्न) पर हमला हुआ। इसके करीब 50 मिनट बाद दूसरी घटना सामने आई। इस बार खसाब बंदरगाह से लगभग 17 समुद्री मील पूर्व में एक टैंकर के इंजन रूम पर हमला किया गया। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों घटनाएं एक ही जहाज से जुड़ी हैं या अलग-अलग टैंकरों से।

यूकेएमटीओ के अनुसार, दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पर्यावरण पर कोई असर पड़ा है या नहीं, इसकी भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना यूकेएमटीओ को देने की सलाह दी है।

शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ओमान का खासाब शहर मुसंडम प्रायद्वीप पर, होर्मुज स्‍ट्रेट के दक्षिणी तट पर स्थित है। हाल के हफ्तों में इस क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर कई हमले और सुरक्षा संबंधी घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच, मंगलवार को ईरानी सेना की नौसेना ने कहा कि होर्मुज स्‍ट्रेट के पूर्व में एक अन्य ‘नियमों का उल्लंघन करने वाले तेल टैंकर में नौसैनिक बारूदी सुरंगों (माइंस) से टकराने के बाद आग लग गई।

ईरानी सेना के मुताबिक, जहाज ने अपने नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिए थे और निर्धारित मार्ग की बजाय एक अनधिकृत रास्ते से गुजर रहा था, जो ईरान के नियमों के खिलाफ था। नौसेना ने कहा कि जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी जहाजों को केवल अधिकृत मार्गों का इस्तेमाल करना चाहिए और ईरानी सशस्त्र बलों द्वारा जारी नियमों का पालन करना चाहिए।

उधर, सोमवार रात ईरान के प्रांतीय अधिकारियों ने इस्फहान प्रांत में दिन के दौरान वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय होने की खबरों का खंडन किया। हालांकि उसी दिन ईरानी सेना ने यह भी बताया कि एक चौथे टैंकर में आग लगने की घटना सामने आई है। ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर समाचार एजेंसी ने सोमवार रात खबर दी थी कि इस्फहान में वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय की गई थी, लेकिन इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की गई थी।

Exit mobile version