Site icon Dainik Savera Times

होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में धमाके से लगी आग, अमेरिकी नौसेना ने कारोबारी जहाज को रोका

Two oil tankers explode catch fire Strait of Hormuz Oil Tankers

Two oil tankers explode catch fire Strait of Hormuz Oil Tankers

तेहरान: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने शन‍िवार को दावा क‍िया कि‍ होर्मुज स्‍ट्रेट में नियमों का उल्लंघन करने वाले दो तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिसके बाद उनमें विस्फोट हुआ और आग लग गई।

आईआरजीसी की आधिकारिक समाचार माध्यम ‘सेपाह न्यूज’ के अनुसार, एक टैंकर ओमान के खसाब बंदरगाह के पास माइंस से टकराया, जबकि दूसरा टैंकर होर्मुज स्‍ट्रेट के पूर्वी हिस्से में एक ‘अनधिकृत’ समुद्री मार्ग पर माइंस की चपेट में आ गया। नौसेना ने आरोप लगाया क‍ि जहाजों ने अपने जीपीएस स‍िस्‍टम बंद क‍िए हुए थे और चुपचाप जलडमरूमध्य के एक ‘अवैध’ रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस ‘अनधिकृत’ समुद्री मार्ग पर पूरी तरह बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं। उसने यह भी कहा कि तेल टैंकरों की कोशिशें और अमेरिकी सेना की हवाई मदद भी उन्हें इन ‘बेहद विनाशकारी’ माइंस से टकराने से नहीं बचा पाएंगी। वहीं दूसरी ओर, अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ओमान की खाड़ी में एक व्यावसायिक जहाज को निष्क्रिय कर दिया, क्योंकि वह बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद ईरान के खिलाफ लगाए गए अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा था।

इस बीच, तेहरान ने साफ कहा है कि वह रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्‍ट्रेट को बंद रखेगा और लगाए गए प्रतिबंधों का मुकाबला करेगा। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, यह घटना 26 नवंबर को हुई। पलाऊ के झंडे वाला मालवाहक जहाज एम/वी पैसिफिक आर्चर ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह से रवाना हुआ था और क्षेत्रीय जलक्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहा था।

सेंटकॉम ने अपने बयान में कहा, “अमेरिकी सेना के एक विमान ने सटीक हथियारों का इस्तेमाल करते हुए पलाऊ-ध्वज वाले एम/वी पैसिफिक आर्चर के पिछले हिस्से को निशाना बनाया। इसके बाद जहाज की आगे बढ़ने की क्षमता पूरी तरह बंद हो गई, लेकिन जहाज पर मौजूद नागरिक चालक दल सुरक्षित रहा।” अमेरिकी सेना का कहना है कि जहाज ने कई चेतावनियों के बावजूद नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश की थी।

बयान में कहा गया, “अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने 26 नवंबर को ओमान की खाड़ी में एक व्यावसायिक जहाज को निष्क्रिय कर दिया, क्योंकि उसका चालक दल ईरानी बंदरगाह से निकलने के बाद कई चेतावनियों के बावजूद अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा था।”

सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी बल नाकेबंदी को सख्ती से लागू कर रहे हैं। उनके अनुसार, अब तक 158 व्यावसायिक जहाजों को निर्देश मानने के बाद दूसरे रास्ते पर भेजा गया है, जबकि आदेशों का पालन न करने वाले छह जहाजों को निष्क्रिय किया गया है। अमेरिकी सेना ने क्षेत्र में काम कर रहे सभी जहाजों और नाविकों से अपील की है कि वे ओमान की खाड़ी और होर्मुज स्‍ट्रेट के आसपास सेंटकॉम की ओर से जारी की जाने वाली चेतावनियों का पालन करें।

Exit mobile version