Site icon Dainik Savera Times

US के मियामी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे पर आपस में भिड़े दो विमान, कोपा एयरलाइंस में 172 लोग थे सवार

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एयरपोर्ट के टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहे दो विमानों के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए। हादसे के समय कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान में 166 यात्री और 6 क्रू मेंबर समेत कुल 172 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

टैक्सीवे पर आगे बढ़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना स्थानीय समय के अनुसार शनिवार रात करीब 9:15 बजे हुई। उस समय पनामा की कोपा एयरलाइंस का बोइंग 737 विमान एयरपोर्ट के टैक्सीवे से गुजर रहा था। इसी दौरान विमान के एक पंख का सिरा पास मौजूद UPS के कार्गो विमान के अगले हिस्से से टकरा गया। टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, विमान को सुरक्षित तरीके से टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया और सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया।

दो लोगों को आई चोटें, एयरपोर्ट पर हुआ इलाज
कोपा एयरलाइंस ने अपने बयान में बताया कि इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं। एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने दोनों को प्राथमिक उपचार दिया। शुरुआती जांच में उनकी चोटें मामूली बताई गई हैं। एयरलाइन के मुताबिक, विमान में मौजूद सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। कंपनी ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है। साथ ही कहा है कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

FAA ने शुरू की हादसे की जांच
अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। FAA के अनुसार, हादसे के समय एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स (ATC) ने UPS के कार्गो विमान को कोपा एयरलाइंस के विमान के लिए रास्ता खाली करने का निर्देश दिया था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि निर्देश दिए जाने के बावजूद दोनों विमानों के बीच टक्कर कैसे हुई और इस घटना के पीछे क्या वजह रही।

अमेरिका में ग्राउंड स्टॉप के एक दिन बाद हुआ हादसा
गौरतलब है कि यह घटना अमेरिका में देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप हटाए जाने के एक दिन बाद हुई है। शुक्रवार दोपहर को तकनीकी और संचालन संबंधी कारणों से हजारों उड़ानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया था।

इस फैसले के कारण लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग एयरपोर्ट पर ही फंस गए थे। करीब पांच घंटे बाद FAA ने ग्राउंड स्टॉप हटाने का ऐलान किया, जिसके बाद उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हुआ। इस घटना के बाद एक बार फिर अमेरिका के हवाई यातायात और एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version