Site icon Dainik Savera Times

यूएई के राष्ट्रपति ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार, फ्लाईदुबई के चालक दल को किया सम्मानित

दुबई : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई के चालक दल के अन्य सदस्यों को ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद 2’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान दुबई-तेल अवीव उड़ान के दौरान हमले की कोशिश को नाकाम कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिया गया। दुबई के सरकारी मीडिया कार्यालय के अनुसार, युवराज शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने चालक दल को पदक प्रदान किए और उनके साहस की सराहना की।

यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई थी। दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में 170 से अधिक लोग सवार थे। आरोप है कि सह-पायलट ने कॉकपिट में रखी आपातकालीन कुल्हाड़ी से मच्छार पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान विमान तेजी से नीचे आया। खून से लथपथ होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का लॉक खोल दिया, जिससे यात्रियों और चालक दल के अन्य सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली।

इसके बाद विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने उसे सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा। घायल मच्छार का पहले ताबुक और बाद में अबू धाबी में इलाज किया गया। यूएई के राष्ट्रपति ने चालक दल के सदस्यों की जिम्मेदारी और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version