Site icon Dainik Savera Times

नए साल पर यूक्रेन ने रूस के खेरसॉन में किया हमला, बच्चे समेत 24 लोगों की मौत, 50 घायल

Ukraine Drone Attack on Kherson

Ukraine Drone Attack on Kherson

इंटरनेशनल डेस्क: नए साल के पहले दिन गुरुवार को यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध और तेज हो गया। रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने दक्षिणी खेरसॉन इलाके में ड्रोन से बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा करीब 50 लोग घायल हुए हैं।

रूस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब खेरसॉन प्रांत के एक होटल और कैफे में लोग नए साल का जश्न मना रहे थे। मंत्रालय का कहना है कि यह इलाका रूस के नियंत्रण में है और यहां नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे।

ये भी पढ़ें: Gold and Silver Price: चांदी की कीमतों में आई गिरावट, सोना हुआ महंगा, जानें नए रेट

खेरसॉन क्षेत्र के रूसी-नियुक्त गवर्नर व्लादिमीर साल्डो ने बताया कि तटीय गांव खोरली में नए साल के समारोह स्थल पर तीन यूक्रेनी ड्रोन दागे गए। उन्होंने इस हमले को आम नागरिकों के खिलाफ जानबूझकर किया गया हमला बताया। साल्डो का दावा है कि हमले के बाद कई लोग आग में झुलस गए और चारों तरफ आग और धुआं फैल गया।

रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि शुरुआती जांच से साफ संकेत मिलते हैं कि यह हमला पहले से योजनाबद्ध था। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि ड्रोन को खासतौर पर उन जगहों पर निशाना बनाने के लिए भेजा गया था, जहां लोग नए साल की पूर्व संध्या मनाने के लिए जमा हुए थे। रूस ने इस हमले को युद्ध अपराध करार दिया है।

इस घटना के बाद रूस में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि इस हमले के लिए यूक्रेन को समर्थन देने वाले पश्चिमी देश भी जिम्मेदार हैं। रूस की संसद के दोनों सदनों के अध्यक्षों समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।

गौरतलब है कि खेरसॉन उन चार क्षेत्रों में शामिल है, जिन पर रूस ने साल 2022 में अपना दावा किया था। हालांकि यूक्रेन इन इलाकों को अब भी अपना हिस्सा मानता है। यूक्रेन की ओर से एक सैन्य प्रवक्ता ने बयान दिया है कि उनकी सेना आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाती। उनका कहना है कि यूक्रेन केवल रूसी सैन्य ठिकानों, ईंधन डिपो, ऊर्जा केंद्रों और अन्य वैध सैन्य लक्ष्यों पर ही हमला करता है।

ये भी पढ़ें: Bengaluru: मादा तेंदुए और उसके गर्भ में पल रहे तीन शावकों की मौत, अवैध रॉक ब्लास्टिंग की आशंका

Exit mobile version