Site icon Dainik Savera Times

संरा ने भारतीय-कनाडाई Afshan Khan को पोषण अभियान का संयोजक किया नियुक्त

वाशिंगटनः संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भारतीय-कनाडाई अफशां खान को पोषण अभियान स्केलिंग अप न्यूट्रिशन मूवमेंट का संयोजक नियुक्त किया है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने पत्रकारों को बताया ‘स्केलिंग अप न्यूट्रिशन मूवमेंट’ 2030 तक कुपोषण के सभी रूपों को समाप्त करने के लिए 65 देशों और चार भारतीय राज्यों के नेतृत्व वाली एक पहल है। उन्होंने कहा, कि अफशां खान नीदरलैंड की गेर्डा वेरबर्ग की जगह लेंगी। महासचिव पोषण का बढ़ावा देने के अभियान का नेतृत्व करने में उनके प्रयासों और समर्पण के लिए आभार व्यक्त करते हैं।

दुजारिक ने कहा कि भारत में जन्मीं खान स्केलिंग अप न्यूट्रिशन मूवमेंट सचिवालय का नेतृत्व करेंगी। खान कनाडा और ब्रिटेन की दोहरी नागरिकता रखती हैं। खान ने मैकगिल विश्वविद्यालय से लोक नीति में स्नातकोत्तर डिग्री और राजनीति विज्ञन में स्नातक की डिग्री हासिल की है। संयुक्त राष्ट्र के एक बयान के अनुसार अपने नए कार्यभार के दौरान खान कुपोषण के सभी रूपों को समाप्त करने के लिए साझेदारी का निर्माण करके, वार्ताओं और प्रतिबद्धता को बढ़ावा देकर वैश्विक स्तर पर पोषण रणनीति का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगी। खान ने 1989 में मोजाम्बिक में संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के लिए काम शुरू किया था और फिलहाल वह पूर्वी यूरोप और मध्य एशिया की क्षेत्रीय निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

Exit mobile version