Site icon Dainik Savera Times

शीत्सांग (तिब्बत) के तिंगरी में मानवरहित डिलीवरी वाहनों की शुरुआत

चीन के शीत्सांग (तिब्बत) स्वायत्त प्रदेश के शिकाज़े क्षेत्र के तिंगरी काउंटी में 4,000 मीटर से ज़्यादा की ऊँचाई पर अब मानवरहित डिलीवरी वाहन चल रहे हैं। ZTO एक्सप्रेस की स्थानीय शाखा ने 1 अगस्त से तिंगरी से चागुओ टाउनशिप तक के मार्ग पर नियमित रूप से एक मानवरहित डिलीवरी वाहन का संचालन शुरू कर दिया है, जिसने सभी आवश्यक परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

तिब्बत का शिकाज़े क्षेत्र अपने विशाल भूभाग और कम आबादी के कारण जाना जाता है, जहाँ कस्बों और गाँवों के बीच की दूरी बहुत अधिक और सड़कें भी काफ़ी जटिल हैं। तिंगरी काउंटी में ZTO एक्सप्रेस शाखा के प्रमुख, लू चुनख, ने बताया कि पहले डिलीवरी का काम पूरी तरह से ड्राइवरों पर निर्भर था। एक ड्राइवर का मासिक खर्च 7,500 युआन तक पहुँच जाता था, और 60 किलोमीटर की यात्रा के लिए ईंधन पर 50 युआन अतिरिक्त खर्च होते थे। इसके अलावा, ख़राब मौसम के कारण डिलीवरी में अक्सर देरी होती थी, जिससे डिलीवरी की दक्षता और लागत पर भारी दबाव पड़ता था।

मानवरहित डिलीवरी वाहनों के आने से स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है। लू चुनख ने हिसाब लगाया कि दो मानवरहित वाहनों में एक बार में 1 लाख 20 हज़ार युआन का निवेश होता है। एक बार चार्ज करने पर सिर्फ़ 15 युआन खर्च होते हैं और यह 60 किलोमीटर की तीन यात्राएँ पूरी कर सकता है। उन्होंने कहा, “लागत में काफ़ी कमी आई है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि ये वाहन पठार के अस्थिर मौसम से प्रभावित नहीं होते, और इनकी स्थिरता हमारी उम्मीदों से कहीं ज़्यादा है।”

शिकाज़े में यह तिंगरी-चागुओ टाउनशिप मार्ग, शीत्सांग का पहला नियमित रूप से संचालित होने वाला मानवरहित डिलीवरी मार्ग बन गया है। अगले महीने के भीतर अतिरिक्त मार्ग खुलने की भी उम्मीद है। इससे तिंगरी काउंटी के कई दूरदराज़ के कस्बों को कवर करने वाला एक उच्च-ऊंचाई वाला स्मार्ट डिलीवरी नेटवर्क तेज़ी से विकसित हो रहा है, जो इस दुर्गम क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स को नया आयाम देगा। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

Exit mobile version