Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका ने ताइवान को 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर के नए हथियार बेचने को दी मंजूरी

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने ताइवान को 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर के नए हथियार बेचने को मंजूरी दी और इसके साथ वह ताइवान को सैकड़ों सशस्त्र ड्रोन, मिसाइल उपकरण और संबंधित साजो सामान भेजेगा। अमेरिका के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। मंगलवार को की गई यह घोषणा अप्रत्याशित नहीं है

लेकिन ताइवान को हथियार बेंचे जाने को मंजूरी देने की बात ऐसे वक्त कही गई है जब अमेरिका और चीन के बीच तनाव चरम पर है। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और उसका कहना है कि ताइवान पर नियंत्रण के लिए यदि बल प्रयोग करना पड़ा तो भी वह इससे पीछे नहीं हटेगा। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जिन हथियारों की बिक्री को मंजूरी दी है उनमें 291 अल्टियस-600एम प्रणाली शामिल हैं जो मुखास्त्र युक्त मानव रहित हवाई वाहन या ड्रोन हैं।

इन हथियारों में 720 स्विचब्लेड ड्रोन भी शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि यह बिक्री ‘‘प्राप्तकर्ता के अपने सशस्त्र बलों को आधुनिक बनाने और रक्षात्मक क्षमता बनाए रखने के निरंतर प्रयासों का समर्थन करके अमेरिकी राष्ट्रीय, आर्थिक और सुरक्षा हितों की पूर्ति करती है।’ बयान के अनुसार यह ‘‘प्राप्तकर्ता की सुरक्षा को बेहतर बनाने और क्षेत्र में राजनीतिक स्थिरता, सैन्य संतुलन और आर्थिक प्रगति को बनाए रखने में सहायता करेगी।

Exit mobile version