Site icon Dainik Savera Times

अमेरिकी सेना ने यमन में दो हौथी ड्रोन और तीन मिसाइलों को किया नष्ट

सना: अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि उसकी सेना ने पिछले 24 घंटों में यमन में हौथी के ठिकानों पर हमले किए हैं जिसमें दो ड्रोन, एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और तीन एंटी-शिप क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया है। सेंट्रल कमांड ने एक्स पर कहा, “ये हथियार अमेरिकी और संयुक्त सेना बल के साथ-साथ इस क्षेत्र में मौजूद व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा थे।”

समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी यमन के ज्यादातर हिस्से पर हौथी ग्रुप का कब्जा है। हौथी ने हमलों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।हौथी ग्रुप ने बुधवार को एक बयान में कहा था कि उसने अदन की खाड़ी में दो अमेरिकी युद्धपोतों और लाल सागर में एक अन्य जहाज पर ड्रोन और मिसाइल से हमले किए थे। साथ ही दावा किया था कि ये हमले सटीक थे।

अमेरिका ने हौथी के दावों पर कोई टिप्पणी नहीं की। पिछले साल नवंबर से हौथी ग्रुप गाजा पट्टी में फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए उन जहाजों को निशाना बना रहा है जिनके बारे में उसका दावा है कि वे इजरायल से जुड़े हैं। जवाब में, जलक्षेत्र में तैनात अमेरिकी-ब्रिटिश नौसेना ने हौथी ग्रुप को रोकने के लिए जनवरी से ही उसके ठिकानों पर लगातार हवाई हमले और मिसाइल हमले किए हैं।

 

Exit mobile version