US funding Pakistani Army: अमेरिका के नवनिर्वाचित सीनेटर अब्दुल अल सैयद ने पाकिस्तानी सेना को अमेरिकी फंडिंग का विरोध किया है। उन्होंने यह टिप्पणी इजरायल की धार्मिक पहचान और सभी नागरिकों के समान अधिकारों से जुड़ी बहस के दौरान की।
मिशिगन से डेमोक्रेटिक पार्टी के नवनिर्वाचित सीनेटर अल सैयद ने रविवार को एनबीसी के कार्यक्रम ‘मीट द प्रेस’ में कहा, ”मेरा मानना है कि हमें पाकिस्तान की सेना को वित्तीय सहायता देने के कारोबार में भी नहीं होना चाहिए।”
उनकी यह टिप्पणी उस समय आई, जब कार्यक्रम की मेजबान क्रिस्टन वेलकर ने उनसे सवाल किया कि यदि वह धार्मिक या जातीय पहचान के आधार पर बने देशों का विरोध करते हैं तो फिर पाकिस्तान और डेनमार्क जैसे देशों के संदर्भ में उनका क्या रुख है। उनसे यह भी पूछा गया कि इजरायल को यहूदी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान क्यों छोड़नी चाहिए?
इस पर अल सैयद ने कहा, ” मैं सामान्य तौर पर ऐसे राष्ट्रों के पक्ष में नहीं हूं, जिनकी पहचान किसी एक जातीय समुदाय पर आधारित हो। मैं महज अपने सिद्धांतों को सभी देशों पर समान रूप से लागू करने की बात कर रहा हूं।”
ये भी पढ़ें- IND vs NZ 1st test day 5: टीम इंडिया की जीत में 5 विकेट का फासला, रोमांचक मोड़ पर पहुंचा टेस्ट
नहीं होना चाहिए भेदभाव
उन्होंने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां नागरिकों के साथ उनकी त्वचा के रंग या उनके पूजा करने के तरीके के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। अमेरिकी सरकार जिन देशों को सहायता देती है, उनसे भी समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की अपेक्षा की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, ”मेरा मानना है कि हमें हमेशा हर चीज से ऊपर लोकतंत्र को रखना चाहिए।”
हालांकि, पाकिस्तान को लेकर अपनी टिप्पणी में नव निर्वाचित सैयद ने किसी विशेष अमेरिकी सहायता कार्यक्रम, वित्तीय राशि या प्रस्तावित कानून का उल्लेख नहीं किया। उनकी यह टिप्पणी व्यक्तिगत राजनीतिक रुख को दर्शाती है, न कि अमेरिका की मौजूदा पाकिस्तान नीति में किसी बदलाव को।
फिलिस्तीनियों और इजरायलियों के लिए नीति
इजरायल और फिलिस्तीन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनी परिवार पीढ़ियों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं और उन्हें भी अपने अलग देश का वादा किया गया है। उन्होंने कहा, ” अमेरिकी नीति ऐसी होनी चाहिए, जो फिलिस्तीनियों और यहूदी इजरायलियों, दोनों के लिए लोकतंत्र, न्याय, शांति, सम्मान और आत्मनिर्णय के अधिकारों का समर्थन करे।”
ये भी पढ़ें- Weather Update 23 Nov 2026: कहीं बारिश तो कहीं घना कोहरा! 19 राज्यों में IMD का अलर्ट, जानें मौसम का हाल
युद्ध को बताया गैरकानूनी
इंटरव्यू के दौरान एक अन्य मुद्दे पर सैयद ने ईरान के साथ युद्ध के वित्तपोषण को लेकर भी अमेरिकी कांग्रेस की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने इस युद्ध को गैरकानूनी और अनुचित बताते हुए कहा कि युद्ध और सरकारी खर्च से जुड़े फैसलों में सांसदों को अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करना चाहिए।
कांग्रेस को निभानी चाहिए अपनी भूमिका
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह युद्ध के लिए धन रोकने के उद्देश्य से अमेरिकी सरकार का कामकाज ठप करने (शटडाउन) का समर्थन करेंगे, तो उन्होंने कहा कि वह सरकार बंद नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि युद्ध और उसके खर्च पर फैसला लेने में कांग्रेस को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

