वाशिंगटन : अमरीका ने ईरान के तेल और पैट्रोकैमिकल व्यापार पर एक बड़ा नया कदम उठाते कई कंपनियों, व्यक्तियों और जहाजों पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमरीका का आरोप है कि ये लोग ईरान से जुड़े उत्पादों के लेनदेन को आसान बनाने में मदद कर रहे थे। अमरीकी विदेश विभाग ने कहा कि उसने कई कंपनियों पर कार्रवाई की है जो ईरान की ‘अवैध तेल अर्थव्यवस्था’ से जुड़ी हुई हैं। विभाग के मुताबिक, इन कदमों का मकसद ईरान की उस आमदनी को रोकना है, जिसका इस्तेमाल वह अपनी सैन्य गतिविधियों और ‘अस्थिरता फैलाने वाली’ गतिविधियों के लिए करता है।
यह कार्रवाई एक बड़े प्रतिबंध पैकेज का हिस्सा है, जिसमें उन व्यापारियों, शिपिंग कंपनियों और जहाजों को निशाना बनाया गया है जिन पर ईरानी पैट्रोलियम और पैट्रोकैमिकल उत्पादों के परिवहन का आरोप है। विदेश विभाग ने कहा कि आज की यह कार्रवाई उन तीन कंपनियों को भी निशाना बनाती है जो ईरानी पैट्रोकैमिकल उत्पादों का व्यापार कर रही थीं और उनके एक प्रमुख अधिकारी को भी।
ऐसी कंपनियां ईरान सरकार को ‘महत्वपूर्ण आमदनी’ देती हैं। ये प्रतिबंध कतर, सिंगापुर, हांगकांग, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और मार्शल आइलैंड्स में स्थित कंपनियों पर लगाए गए हैं। अमरीकी विदेश विभाग ने 8 जहाज प्रबंधन कंपनियों को भी चिह्नित किया है और 8 जहाजों को प्रतिबंधित संपत्ति घोषित किया है। आरोप है कि ये कंपनियां ईरानी तेल और पैट्रोकैमिकल उत्पादों की खरीद, बिक्री, ढुलाई और मार्केटिंग में शामिल थीं।

