
US-Iran war: मध्य पूर्व में जारी अमेरिका-ईरान संघर्ष के 21वें दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अहम और चौंकाने वाला बयान जारी किया है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म l ट्रुथ सोशल पर साझा किए गए विस्तृत संदेश में ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका अब इस युद्ध में अपने बड़े सैन्य अभियानों को धीरे-धीरे कम करने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना अपने प्रमुख सैन्य उद्देश्यों को हासिल करने के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि ईरान की मिसाइल क्षमता, रक्षा औद्योगिक ढांचा, नौसेना और वायुसेना को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है। ट्रंप के अनुसार, यह स्थिति अमेरिका के लिए रणनीतिक बढ़त का संकेत है और इसी आधार पर अब “विंडिंग डाउन” यानी सैन्य गतिविधियों को कम करने पर विचार किया जा रहा है।

ईरान को नहीं बनाने देगा परमाणु हथियार
अपने बयान में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने के करीब नहीं पहुंचने देगा। यह बात लंबे समय से अमेरिकी नीति का हिस्सा रही है, जिसे ट्रंप प्रशासन ने एक बार फिर दोहराया है।
ये भी पढ़ें- आज का मौसम: 17 राज्यों में मैसम अस्थिर, आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, जानें अपने इलाके का हाल
इस देशों की रक्षा की प्रतिबद्धता दोहराई
ट्रंप ने क्षेत्रीय सहयोगियों का भी जिक्र किया, जिनमें इज़राइल, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कुवैत शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इन देशों की सुरक्षा सुनिश्चित की है और भविष्य में भी उनकी रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
क्षेत्रीय और वैश्विक उपयोगकर्ताओं को उठानी होगी जिम्मेदारी
हालांकि ट्रंप के बयान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर रहा। उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री मार्ग की सुरक्षा अब उन देशों की जिम्मेदारी होनी चाहिए, जो इसका उपयोग तेल और व्यापार के लिए करते हैं। अमेरिका ने संकेत दिया कि वह आवश्यकता पड़ने पर सहयोग देगा, लेकिन स्थायी सुरक्षा की जिम्मेदारी क्षेत्रीय और वैश्विक उपयोगकर्ताओं को उठानी होगी।
अमेरिका की भूमिका हो सकती है सीमित
ट्रंप ने तर्क दिया कि अमेरिका स्वयं इस मार्ग का सीधा उपयोग नहीं करता, इसलिए अन्य देशों को आगे आना चाहिए। उन्होंने इसे “आसान सैन्य जिम्मेदारी” बताते हुए कहा कि ईरान से खतरा कम होने के बाद अमेरिका की भूमिका भी सीमित हो सकती है।
ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन? किसके हाथ लगेगी सफलता तो कौन होगा निराश?
अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
गौरतलब है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल और गैस परिवहन होता है। हाल के हफ्तों में यहां बढ़ते तनाव और हमलों के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अस्थिरता देखी गई है।
फिलहाल, युद्ध के तीन सप्ताह बाद भी मध्य पूर्व में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और ट्रंप का यह बयान आने वाले दिनों में वैश्विक राजनीति और ऊर्जा बाजारों पर महत्वपूर्ण असर डाल सकता है।