वाशिंगटन/पेरिस : अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांसिसी वाइन और शैंपेन पर 200 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की धमकी दी है। अमरीकी राष्ट्रपति के इस कदम को व्यापक रूप से फ्रांसिसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन पर दबाव बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, ताकि वे गाजा और अन्य वैश्विक संघर्षों को सुलझाने के उद्देश्य से ट्रंप की प्रस्तावित ‘शांति बोर्ड’ पहल का समर्थन करें।
ट्रंप ने संकेत दिया कि इन दंडात्मक आयात शुल्क का उपयोग फ्रांस को सहयोग के लिए मजबूर करने हेतु किया जा सकता है। यह बयान उन रिपोटरें के बाद आया है, जिनमें कहा गया था कि मैक्रॉन ने इस पहल में शामिल होने के निमंत्रण को स्वीकार करने में अनिच्छा जताई है। प्रस्तावित निकाय शुरू में गाजा युद्ध पर ध्यान केंद्रित करेगा और बाद में अन्य अंतर्राष्ट्रीय संघर्षों तक विस्तार करेगा। हालांकि यह सवाल भी उठ रहे हैं कि यह निकाय संयुक्त राष्ट्र जैसे मौजूदा संस्थानों के साथ कैसे तालमेल बिठाएगा। व्यापारिक धमकी का यह मामला पहले से ही अटलांटिक के दोनों ओर के तनावपूर्ण संबंधों के बीच आया है।
अमरीका वर्तमान में यूरोपीय संघ से आयात होने वाली वाइन और स्पिरिट पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगता है। फ्रांसिसी अधिकारी इस दर को शून्य करने के लिए पैरवी कर रहे हैं, जो पिछले साल गर्मियों में स्कॉटलैंड में ट्रंप और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उसरुला वॉन डेर लेयेन के बीच हुए अमरीका-ईयू व्यापार समझौते के बाद प्रस्तावित किया गया था।

